मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरबंस कपूर राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। उनका लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
हरबंस कपूर भाजपा के जमीन से जुडे नेता थे इसलिए उनकी जनता के बीच अच्छी पकड़ थी। जनता की समस्याओं को लेकर वह हमेशा सजग रहते थे। विधायक की मौत की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं के साथ ही समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आज दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यालय में लाया जाएगा। इसके बाद तीन बजे उनके शव को अंत्येष्टि के लिए लक्खीबाग श्मशान में ले जाया जाएगा।
हरबंस कपूर के निधन पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शक रहे हरबंस कपूर का निधन एक युग का अंत है। इस अपूरणीय क्षति को भर पाना मुमकिन नहीं है। आज हमने राजनीति एवं समाज की सेवा में अग्रणी रहने वाली एक धरोहर को खो दिया है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी हरवंश कपूर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया उन्होंने कहा कि मैं आज जो भी हूं, सब कपूर साहब का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि हरवंश कपूर का निधन भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिवार को शक्ति प्रदान करें।



Leave a comment