Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तराखंड के अगले 10 वर्ष के विकास का रोड मैप तैयार कर रही सरकार : सीएम धामी
उत्तराखंड न्यूज़हरिद्वार

उत्तराखंड के अगले 10 वर्ष के विकास का रोड मैप तैयार कर रही सरकार : सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुड़की स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सरकार उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाना चाहती है, इसके लिए राज्य के विकास का अगले 10 वर्ष का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने 5871.17 लाख की 56 योजनाओं का लोकार्पण और 1206.99 लाख की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने रुड़की में मिनी स्टेडियम और जिला अस्पताल बनाने समेत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

सीएम धामी ने कहा कि रुड़की का अपना अद्भुत इतिहास है। सबसे पुरानी सैन्य छावनी और आईआईटी औद्योगिक संस्थान यहां हैं। इस ऐतिहासिक नगर के विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की कार्यसंस्कृति में सुधार किया जा रहा है। अधिकारियों की जनता के प्रति जवाबदेही तय करने के लिए उन्हें हर कार्य दिवस पर सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार नो पेंडेंसी को आधार बनाकर कार्य करेगी। दफ्तरों में ज्यादा मामले लंबित तो नहीं हैं, इसे देखने के लिए मैं खुद जहां जाऊंगा। औचक निरीक्षण करूंगा।

धामी ने कहा कि प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी जी के हाथों में देश सुरक्षित है। उनके कार्यकाल में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए और दुनिया में भारतवर्ष का गौरव भी बढ़ा। हमारी राज्य सरकार भी पीएम मोदी के पदचिन्हों पर चलते हुए उत्तराखंड की निरंतर प्रगति कर रही है। हमारी सरकार ने कोरोना से प्रभावित सभी क्षेत्रों के लोगों को राहत पैकेज की घोषणा की है। पर्यटन, स्वास्थ्य, परिवहन और आजीविका के क्षेत्र में राज्य सरकार ने करोड़ों की राहत राशि प्रदान की है। कोरोना की लड़ाई में अभूतपूर्व योगदान देने वाले कार्मिकों को भी सम्मान राशि देकर प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू न हो पाने से लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। सरकार जल्दी से जल्दी यात्रा शुरू करवाने के गंभीर प्रयास कर रही है। इसके लिए सरकार हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण तथ्य और दस्तावेज पेश करेगी।

सीएम धामी ने रुड़की क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं भी की। जिसके तहत विधानसभा क्षेत्र रुड़की के अंतर्गत नेहरू स्टेडियम रुड़की को सुदृढ़ीकरण कर मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र रुड़की के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की को ब्लॉक एवं विद्यालय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजनों के लिए स्कूल के ग्राउंड में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थापना, के साथ ही इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट और रनिंग ट्रैक बनाया जाएगा। रुड़की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जल संस्थान रुड़की सीवरेज योजना के तहत रख रखाव एवं अनुरक्षण कार्य के लिए धन राशि प्रदान की जाएगी। सिविल लाइन रुड़की में नजूल भूमि के सम्बंध में जांच कराकर नए सिरे से शासनादेश जारी किया जाएगा। रुड़की स्थित संयुक्त चिकित्सालय की कमियों को दूर करते जिला अस्पताल में उच्चीकृत किया जाएगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, स्थानीय विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक लक्सर संजय गुप्ता, विधायक खानपुर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधायक झबरेड़ा देशराज कर्णवाल एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...