राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के जनपद भ्रमण के दौरान केदारनाथ धाम में जिला प्रशासन व मंदिर समिति द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत राज्यपाल ने बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
केदारनाथ भ्रमण के दौरान धाम के तीर्थ पुरोहितों ने केदारनाथ धाम की तमाम व्यवस्थाओं और उनमें सुधार की संभावनाओं से राज्यपाल को अवगत कराया। इसके बाद राज्यपाल ने आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा के भी दर्शन किए।
उन्होंने श्री केदारनाथ में तैनात राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, यात्रा मैनेजमेंट फोर्स समेत अन्य संस्थानों के कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान विभागों के आपसी तालमेल से ही यात्रा सुखद और सफल हो रही है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी केदारनाथ योगेंद्र सिंह, केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, अधिशासी अभियंता डीडीएमए प्रवीण कर्णवाल आदि उपस्थित थे।


Leave a comment