उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण यहां के लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रूद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड बस स्टैंड डाट पुलिया में भी भारी भूस्खलन हुआ है जिसमें 19 लोगों के लापता होने की खबर है। रेस्क्यू टीम यहां पहुंच गई है और लोगों को बचाने का काम किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि देर रात से यहां पर भारी बारिश हो रही है।
भारी बारिश के कारण चहां पर चट्टान के टूटने की सूचना रात को मिली जिसके बाद जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव का काम शुरू किया गया।
एसडीआरएफ द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर रात्रि के घनघोर अंधेरे में सर्च ऑपरेशन चलाया गया परन्तु लगातार बारिश व पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण रात्रि में सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सुबह से स्थानीय पुलिस व एसडीआरएफ साथ मिलकर घटनास्थल व आसपास के स्थानों पर सर्चिंग ऑपरेशन चला रही है, इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ की एक अन्य टीम द्वारा कुंड बैराज में भी सर्चिंग की जा रही है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस के माध्यम से प्राप्त सूचना के अनुसार श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग गौरीकुंड डाटपुलिया के समीप भारी भू-स्खलन से लापता होने वाले 13 लोगों के अतिरिक्त बीर बहादुर पुत्र हरि बहादुर, सुमित्रा पत्नी बीर बहादुर, निशा पुत्री बीर बहादुर निवासी ग्राम व थाना राया जिला होमला आंचल करनाली, नेपाल जिनका मौके पर ढाबा था तथा ढाबों में खाना खाने आए धर्मराज बूढ़ा पुत्र मुन बहादुर निवासी पेरे वार्ड नंबर-2 थाना दिल्ली चैरा जिला जमुला आंचल जिला करनाली नेपाल, चंद्र कामी पुत्र लाल बहादुर एवं सुखराम रावत पुत्र जोरा निवासी चैरा वार्ड नंबर-2 थाना दिल्ली चैरा जिला जमुला आंचल करनाली नेपाल भी घटना के बाद लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना में अब तक 19 लोगों की लापता होने की सूचना है। जिनका सर्च रेस्क्यू जारी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौरीकुंड में हुए हादसे के बाद लगातार राहत बचाव कार्य जारी है। लापता लोगों को ढूंढने हेतु सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे में मृतक एवं लापता लोगों के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। एसडीआरएफ जिला प्रशासन सभी टीमें मौके पर मौजूद हैं किसी भी स्थिति से निपटने के लिए शासन प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
आजकल उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, चमोली और बागेश्वर जिले के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सात अगस्त तक प्रदेशभर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।


Leave a comment