उत्तराखंड के कुमाऊं में बड़ी आसमानी आफत टूट पड़ी है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में मॉनसूनी बारिश कहर बनकर बरसी है। बागेश्वर के कपकोट ब्लॉक में लगभग आधे दर्जन गांव खतरे की जद में आ गए हैं। 2 दिनों से हुई लगातार बारिश से जिले के मंडलसेरा तोक के कई घरों में पानी घुस गया है। साथ ही जिले के गरुड़ ब्लॉक के गढ़सेर नौगाव व्ज्युला के साथ ही कपकोट ब्लॉक के बास्ती, जिलतोली गढ़, बमराड़ी, नार्गोल के साथ कई अन्य गांवों में सैकड़ों लोग भूस्खलन होने के चलते दूसरे जगह शरण लेने को मजबूर हैं।
यहां कपकोट और बागेश्वर में लगातार हुई बारिश से रवाईखाल के विल्लेख और ग्वाड़ पजेना में मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्थानीय रेस्क्यू टीम ने यहां पहुंचकर आपदाग्रस्त लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बागेश्वर जिले के कांडा क्षेत्र में बीती रात हुई भारी बारिश से ठांगा गांव के चन्द्र राम का मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया है।
आसमानी आफत के कहर के चलते परिवार का आशियाना अब मलबे में समा गया है। वही, बागेश्वर के बस्ती गांव में भी काफी नुकसान हुआ है। यहां बारिश से गांव से जुड़े हुए मोटरमार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भूस्खलन से क्षेत्र के दर्जनभर घरों को खतरा होने चलते उन्हें रहने के लिए सुरक्षित स्थानों में विस्थापित करा दिया गया है तो वहीं क्षेत्र की सड़क से लगी दीवार टूटने के चलते सड़क के ऊपर की ओर बने घरों में रह रहे दस परिवारों को खतरा बना हुआ है।
राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का जायजा किया। प्रभावित परिवार की पंचायत घर में ठहरने की व्यवस्था की गई है। सूचना मिलने पर रेडक्रॉस सोसायटी ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया। जिले में लगातार हो रही बारिश से यहां के नदी-नाले इन दिनों उफान पर हैं जिसके चलते जिला प्रशासन ने यहां अलर्ट जारी किया हुआ है।
बागेश्वर में 14 सड़कों पर बारिश से आया मलबा
बागेश्वर जिले में आसमानी आफत का कहर इस कदर बरपा है कि जिले की 14 सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पालड़ीछीना-जैनकरास, सानिउडियार-कुचौली, जिंतोली-सलखन्यारी, बागेश्वर-दफौट, रवाईखाल-कमौल, शामा-लीती, सानिगाड़-बास्ती, धपोली-जेठाई, कमेड़ीदेवी-भैंस्यूड़ी, जखेड़ा-लमचूला, शामा-लीती-गोगिना, हरसिला-पुड़कुनी, कपकोट-कर्मी-बघर, रिखाड़ी-वाछम में यातायात बाधित है जिसे स्थानीय प्रशासन द्वारा सुचारू किए जाने का काम जारी है।



Leave a comment