उत्तराखंड में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी गर्मी लोगों की बेचैनी बढ़ा दे रही है तो बीच में बारिश की बूंदे आकर ठंडक दे जाती हैं। अब एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो कल यानी बुधवार से शुक्रवार के बीच जोरदार बारिश हो सकती है। पौड़ी, टिहरी, देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके तहत लोगों को सावधान किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 जुलाई के बाद प्रदेश में और जोरदार बारिश हो सकती है। इससे भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। 7 जुलाई को पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश हो सकती है। अगले दिन यानी 8 जुलाई को इन तीनों जिलों के साथ ही देहरादून, टिहरी और पौड़ी में वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए इन जिलों में संवेदनशील जगहों पर भूस्खलन, चट्टान खिसकने, राजमार्ग बाधित होने का भी अंदेशा जताया है।
वहीं उत्तर भारत में मॉनसून की बात करें तो विभाग का कहना है कि 10 जुलाई से अरब सागर से नम हवाएं गुजरात, राजस्थान और दिल्ली पहुंचने लगेंगी तब गर्मी से राहत मिल सकती है। 11-12 जुलाई से मॉनसून रफ्तार पकड़ सकता है। दिल्ली समेत आसपास के राज्यों के लोगों को अभी एक हफ्ते का और इंतजार करना पड़ेगा।


Leave a comment