Tuesday , 15 September 2026
Home ताज़ा ख़बर एयरबस H130 के साथ हेरिटेज एविएशन की नई उड़ान
ताज़ा ख़बरउत्तराखंड न्यूज़सरोकार

एयरबस H130 के साथ हेरिटेज एविएशन की नई उड़ान

हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने विंग्स इंडिया 2026 के अवसर पर एक एयरबस H130 हेलीकॉप्टर की खरीद के लिए एयरबस के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। इस हेलीकॉप्टर की डिलीवरी सितंबर 2026 में निर्धारित है।

यह कदम भारत सरकार की उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के अंतर्गत हेली-तीर्थयात्रा सेवाओं और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी संचालन के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नया एयरबस H130 हेलीकॉप्टर दूरस्थ, पहाड़ी और कम सेवा प्राप्त क्षेत्रों, विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत, में लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को मज़बूती प्रदान करेगा।

इससे न केवल धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं और क्षेत्रीय परिवहन को भी गति मिलेगी। यह हेलीकॉप्टर हेरिटेज एविएशन के मौजूदा एयरबस हेलीकॉप्टर बेड़े को और सुदृढ़ करते हुए कंपनी की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा।

अनुबंध पर हस्ताक्षर हैदराबाद में आयोजित विंग्स इंडिया 2026 के दौरान किए गए। इस अवसर पर रोहित माथुर, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड, तथा सनी गुगलानी, प्रमुख, एयरबस हेलीकॉप्टर्स (भारत एवं दक्षिण एशिया), दोनों कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने एयरबस बूथ का दौरा किया और वहां H125 हेलीकॉप्टर सिम्युलेटर का अनुभव भी लिया। इस दौरान एयरबस द्वारा भारत में हेलीकॉप्टर निर्माण क्षमताओं को विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की गई।

एयरबस वर्तमान में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के सहयोग से कर्नाटक के वेमगल में भारत की पहली हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली लाइन (FAL) स्थापित कर रहा है। यह पहल देश में एयरोस्पेस विनिर्माण को बढ़ावा देने और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हेरिटेज एविएशन द्वारा एयरबस H130 हेलीकॉप्टर का यह अधिग्रहण न केवल कंपनी की विकास रणनीति को दर्शाता है, बल्कि भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्कता बढ़ाने की महत्वाकांक्षाओं को भी प्रभावी समर्थन प्रदान करता है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Related Articles