कोरोना वायरस के प्रकोप के दौरान लोगों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि इससे कैसे बचा जाए, क्योंकि इसकी दवा या टीका अभी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में जब 2 मई को हिल-मेल की ‘ई-रैबार’ पहल में चिकित्सा और हर्बल विशेषज्ञ शामिल हुए तो उनसे भी यही सवाल किए गए। पिथौरागढ़ से लाइव जुड़े DIBER में वैज्ञानिक डा. हेमंत पांडे ने बड़े ही सरल तरीके से लोगों को इम्युनिटी बढ़ाने के उपाय बताए, जिससे काफी हद तक कोरोना जैसे संक्रमण से बचा जा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में जो बातें बताईं, उसे हम आपको बिंदुवार समझाते हैं-
– रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए ऐसा संतुलित खाना खाएं, जिसमें कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फैट, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स का समावेश हो। खाना ऐसा हो जिसमें एंटी-ऑक्सीडेंट पर्याप्त मात्रा में हो, जिससे इम्युनिटी बढ़ेगी।
– कोरोना का संक्रमण है, इस घबराहट में न जिएं, पर्याप्त नींद लें, जो 6 से 8 घंटे तक की हो सकती है।
– तनाव से बचना होगा क्योंकि जब मनुष्य तनाव में रहता है तो उसकी इम्युनिटी कमजोर हो जाती है।
– नियमित रूप से अभ्यास करें और 30-40 मिनट तक (घर में या किसी अन्य सुरक्षित जगह) टहलें।
– हेल्थ हाइजीन का ध्यान रखें। बराबर हाथ धोते रहें और खाने को लेकर साफ-सफाई रखें।
– खाने में बदलाव करें। ऐसी चीजें खाएं जो सीट्रस फूड हों। विटामिन सी WBC को बढ़ाता है। शिमला मिर्च, लहसुन भी इम्युनिटी को बढ़ाता है।
– पालक विटामिन सी का अच्छा स्रोत है। भीगे हुए बादाम से विटामिन ‘ए’ और ‘ई’ मिलेगा।
– ब्रोकली, अखरोट से भी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी।
– दूध में आधी चम्मच हल्दी डालकर पिएं।
– चाय के बदले ग्रीन टी पिएं, इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट पर्याप्त मात्रा में होता है, जो इम्युनिटी बढ़ाएगा और इससे वायरस का असर कम से कम होगा।
– पपीता, कीवी, स्प्राउट्स (चने और मूंग की दाल) खाएं।


Leave a comment