Home assam riffile कोटद्वार में पूर्व सैनिकों के सम्मान में जुटे लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा, असम राइफल्स ने किया वीर नारियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं का सम्मान
assam riffile

कोटद्वार में पूर्व सैनिकों के सम्मान में जुटे लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा, असम राइफल्स ने किया वीर नारियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं का सम्मान

उत्तराखंड के कोटद्वार में असम राइफल्स की ओर से 18 नवंबर को पूर्व सैनिकों (ईएसएम) और उनके परिजनों (एनओके) के सम्मान एवं कल्याण के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यालय महानिदेशालय असम राइफल्स के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘Serving Those Who Served Us’ यानी ‘जिन्होंने हमारी सेवा की, उनकी सेवा’ रही। कार्यक्रम में उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे असम राइफल्स के पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा, एवीएसएम, एसएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, असम राइफल्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (एआरडब्ल्यूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष श्रीमती विभा लखेड़ा भी मौजूद रहीं। इस आयोजन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों के योगदान और बलिदान को सम्मान देना, उनके साथ संगठन के संबंधों को मजबूत करना तथा उनकी समस्याओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों का समाधान करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिदेशक विकास लखेड़ा ने राष्ट्र की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की असाधारण सेवाओं और उनके त्याग की सराहना की। उन्होंने कहा कि असम राइफल्स अपने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कौशल का उपयोग समाज के विकास तथा राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान भी किया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य कल्याणकारी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसके तहत शिकायत निवारण केंद्र, मेडिकल चेकअप सुविधाएं, बैंकिंग सहायता काउंटर और पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) सुविधा केंद्र स्थापित किए गए। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों को केंद्र सरकार की नवीनतम नीतियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण जरूरतमंद पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सहायक उपकरण वितरित करना रहा। सेवा के दौरान दिव्यांग हुए एक पूर्व सैनिक, जिनका एक पैर कट गया था, को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए स्कूटी भेंट की गई। वहीं, एक दिवंगत पूर्व सैनिक के लकवाग्रस्त बेटे को घर से काम करने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डेस्कटॉप कंप्यूटर प्रदान किया गया। इन पहलों के माध्यम से संगठन ने पूर्व सैनिक परिवारों की जरूरतों के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रदर्शित की।

इस अवसर पर विशिष्ट सेवाएं देने वाले पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों और विधवाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का समापन सामुदायिक भोज के साथ हुआ, जिसमें सेवारत जवानों और सेवानिवृत्त सैनिकों ने आपसी मेलजोल बढ़ाया।

कोटद्वार में आयोजित यह संवाद कार्यक्रम असम राइफल्स की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत संगठन अपने पूर्व सैनिकों के सम्मान, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता देता है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

असम राइफल्स की पोलो टीम ने जीता 39वां एन हजारी स्टेट पोलो टूर्नामेंट, फाइनल में एक्स पोलो क्लब को 5-3 से हराया

खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन, बेहतरीन घुड़सवारी और मजबूत टीम समन्वय...