आज सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग में एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सोनप्रयाग से ऋषिकेश आते हुए यह मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गंगा नदी में गिर गया। जिसमें 11 लोग सवार हो रखे थे। आजकल उत्तराखंड में लगातार बारिस हो रही है जिससे यहां के हालात अस्त व्यस्त हो रखे हैं।
बताया जा रहा है कि 09 जुलाई 2023 को सोनप्रयाग से ऋषिकेश आ रहे मैक्स वाहन जिसमें 11 लोग सवार थे, के अनियंत्रित होने से मालाकुंठी पुल से होटल आनंद काशी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग से नीचे गंगा नदी की ओर खाई में दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर एसडीआरएफ रेस्क्यू टीमों द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
एसडीआरएफ द्वारा स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्यवाही करते हुए 5 यात्रियों को रेस्क्यू कर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया जबकि 6 अन्य लापता यात्रियों की सर्चिंग हेतु गहन सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया।
अत्यधिक विषम परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ के डीप डाइवर्स द्वारा संभावित स्थानों पर गहन सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 3 शव बरामद कर सिविल पुलिस के सुपर्द किया गया। खराब मौसम व नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने के कारण अभी सर्चिंग ऑपरेशन को रोक दिया गया है। कल सुबह घटनास्थल पर सर्चिंग दोबारा से की जाएगी।
जिन लोगों के शव बरामद हुए हैं उनका विवरण इस प्रकार है। रवि पुत्र कोरमा राव निवासी बोधन राजन मंडलम विजयनगर आंध्र प्रदेश उम्र 35 वर्ष, सौरभ पुत्र अज्ञात निवासी शिवपुरा बिहार 25 वर्ष, अभिजीत पुत्र देवकराम निवासी मौजपुर शाहदरा दिल्ली उम्र 25 वर्ष।
जो यात्री लापता हुए हैं उनका विवरण इस प्रकार से है। अंकित सिंह राणा, पुत्र मंगल सिंह राणा निवासी ग्राम बड़ासू फाटा पाटा उखीमठ रुद्रप्रयाग, चालक, अतुल पुत्र विनोद निवासी सरना जिला शिवपुरा बिहार उम्र 24 वर्ष, अक्षय पुत्र मनोज निवासी वरविद्या दर्शनी जिला शिवपुरा बिहार उम्र 28 वर्ष।
एसडीआरएफ की पोस्ट ढालवाला की रेस्क्यू टीम निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, किशोर कुमार, मातवर सिंह, नितेश, चंदन, मनमोहन, अमित द्वारा बचाव कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा एसडीआरएफ पोस्ट बयासी की रेस्क्यू टीम भी एसआई नीरज चौहान के नेतृत्व में बचाव कार्य में लगी रही। उनके साथ संतोष, मुकेश, मनोज, भूपेंद्र, विनय, रविन्द्र आदि अन्य एसडीआरएफ के जवान मौजूद थे।


Leave a comment