गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर गुणवत्तायुक्त शोध की सुविधा प्रदान कराने के उद्देश्य के साथ विश्वविद्यालय ने नवीनतम टाइम्स हायर एजुकेशन यूनिवसिर्टी इम्पैक्ट रैंकिग में अपने सामाजिक, पारिस्थितिक और आर्थिक प्रभाव के लिये विश्व में प्रथम स्थान पर आसीन वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी, ऑस्ट्रेलिया के साथ साझेदारी अनुबंध किया।
दोनों विश्वविद्यालयों के मध्य हुए साझेदारी अनुबंध को डा. मनमोहन सिंह चौहान, कुलपति, गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय तथा प्रोफेसर बार्ने ग्लोवर, कुलपति एवं अध्यक्ष, वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी, ऑस्ट्रेलिया द्वारा हस्ताक्षरित किया गया।

यह अनुबंध वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के एस.डी.जी. फोरम के विषय ‘पार्टनरशिप विद इम्पैक्ट-एडवान्सिंग विद एस.डी.जी.’ के अन्तर्गत नई दिल्ली में हस्ताक्षरित किया गया। इस अनुबंध के तहत चुनिन्दा विषयों के इच्छुक स्नातकोत्तर एवं परास्नातक विद्यार्थी वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी, ऑस्ट्रेलिया में अपने उपाधि शोध का अंश पूर्ण करने के साथ-साथ दोहरी उपाधि हेतु पंजीकरण कर सकेंगे।
यह अनुबंध पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त करते हुये शैक्षिक एवं अनुसंधान सहकार्यता को सुगम बनायेगा तथा वृहत स्तर पर स्नातकोत्तर एवं परास्नातक विद्यार्थियों में अनुसंधान और क्षमता निर्माण को सक्षम बनाने में सहयोग करेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, स्नातकोत्तर, डा. के.पी. रावेरकर, अधिष्ठात्री, प्रौद्योगिक, डा. अलकनन्दा अशोक, सिविल इंजीनियरिंग विभाग से डा. एच.जे. शिवा प्रसाद, डा. ज्योती प्रसाद तथा विज्ञान एवं मानविकी महाद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग के डा. आर.के. श्रीवास्तव उपस्थित रहे।


Leave a comment