Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तरकाशी सिलक्यारा टनल में रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी
उत्तरकाशीउत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बर

सिलक्यारा टनल में रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी

सिलक्यारा टनल में भूस्खलन के कारण फंसे मजदूरों को निकालने के लिए चलाया जा रहा रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है। पाइप पुशिंग कर एस्केप टनल बनाने के लिए टनल में ऑगर ड्रिलिंग मशीन की स्थापना का कार्य पूरा करने के बाद मलबे के आर पार 900 एमएम व्यास के एमएस पाइप डालने की कार्रवाई जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

तकनीकी विशेषज्ञ और इंजीनियरों की टीम पाइप पुशिंग की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मौके पर है। उत्तराखंड पेयजल निगम के जीएम एवं ड्रिलिंग व बोरिंग के विशेषज्ञ दीपक मालिक इस अभियान के तकनीकी पक्ष और ड्रिलिंग प्रक्रिया की अगुवाई कर रहे हैं।

जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, एसडीआरएफ के कमांडेंट मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, एसडीएम डुंडा बृजेश कुमार तिवारी, एसडीएम बड़कोट मुकेश चंद रमोला सहित कई अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू अभियान में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

आज क्षेत्रीय विधायक संजय डोभाल और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री स्वराज विद्वान ने घटनास्थल का दौरा कर रेस्क्यू अभियान के बारे में मालूमात करते हुए पेशकश की कि रेस्क्यू अभियान में स्थानीय लोग हर तरह का सहयोग देने हेतु सदैव तैयार हैं। इस बीच जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रेम पोखरियाल के साथ टनल के अंदर जाकर पाइप के जरिए मजदूरों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। डॉ. पोखरियाल ने मजदूरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली और स्वास्थ्य सम्बधित कुछ हिदायतें दी। सभी मजदूर सुरक्षित और सही स्थिति में बताए गए हैं।

मजदूरों के लिए पाइप के जरिये खाद्य सामग्री भी भिजवाई गई है। टनल में फंसे मजदूरों की कुशलक्षेम जानने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे अनेक परिजनों को प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों ने ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। अधिकारियों ने रेस्क्यू के प्रयासों की जानकारी देते हुए कुछ परिजनों की पाइप लाइन के जरिए फंसे मजदूरों से बात भी करवाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी के सिलक्यारा के पास टनल में फंसे श्रमिकों के बारे में अधिकारियों से निरंतर जानकारी ले रहे हैं। राहत एवं बचाव के कार्यों में लगी एजेंसियों से भी मुख्यमंत्री हर पल की अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि मौके पर तैनात जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं वहां पर कार्य कर रही एजेंसियों से निरन्तर समन्वय बनाकर रखें, राहत सामग्री की किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर, शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन द्वारा सिल्क्यारा सुरंग में हुए भूस्खलन के अध्ययन एवं कारणों की जांच के लिए निदेशक उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र की अध्यक्षता में गठित समिति में शामिल विशेषज्ञों ने स्थल का निरीक्षण कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। राहत एवं बचाव के कार्य तेजी से चल रहे हैं।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, एडीजी ए.पी. अंशुमन, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी एवं अपर सचिव जे.सी. काण्डपाल उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...