उत्तराखंड में आये दिन नये घोटाले और अनियमितताओं में खबर सामने आ रही है। आज उत्तराखंड के पौड़ी में जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के पूर्व कुलसचिव संदीप कुमार को SIT ने गिरफ्तार किया है। पूर्व कुलसचिव पर अपनी सेवाकाल के दौरान वित्तीय अनियमितताओं समेत कई आरोप लगे हैं। आज उनको गिरफ्तारी के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी की अदालत में पेश किया गया।
गौरतलब रहे कि 30 अक्तूबर 2021 को संस्थान के तत्कालीन कार्यवाहक कुलसचिव डॉ. संजीव नैथानी ने पौड़ी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में उन्होंने बर्खास्त कुलसचिव संदीप कुमार पर संस्थान में साल 2018-19 में हुई शिक्षकों एवं कुलसचिव पदों पर नियुक्ति व साक्षात्कार प्रक्रिया के सरकारी दस्तावेज गायब करने के आरोप लगाए थे। इस शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इसके बाद संस्थान ने दिसंबर 2021 में एसआईटी का गठन किया गया था। सबसे पहले इस टीम ने 24-25 जनवरी 2022 को दो दिनों तक संस्थान में डेरा डाला था और टीम ने अवैध नियुक्तियों से संबंधित दस्तावेज सीलबंद करने के साथ ही इससे जुड़े अधिकारियों को नोटिस थमाए थे। टीम को इसके बाद मामले से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी हाथ लगे थे। साथ ही मामले में टीम भ्रष्टाचार व वित्तीय अनियमितता को लेकर भी पड़ताल में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार कोतवाली पौड़ी में मुअस44/21 धारा 409/477 ए भादवि बनाम संदीप कुमार पंजीकृत किया गया था। जिस संबंध में शासन स्तर से उच्चस्तरीय एसआईटी जांच के आदेश पारित किये गये थे। जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल यशवंत सिंह चौहान की अध्यक्षता में जपनद स्तर पर एसआईटी गठित की गई।
इसके बाद एसआईटी द्वारा निरन्तर संस्थान के विभिन्न दस्तावेजों की जांच एवं संस्थान के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारियों के बयान दर्ज किये। एसआईटी द्वारा अभि संदीप कुमार उपरोक्त के विरूद्ध शिक्षकों एवं कुलसचिव पदों पर नियुक्ति एवं साक्षात्कार प्रक्रिया के सरकारी महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब करने के प्रमाण उपलब्ध होने के आधार पर पुलिस द्वारा अभियुक्त संदीप को आज गिरफ्तार किया।


Leave a comment