आज उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखी गई। उत्तराखंड के चकराता में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई, जिसे देखकर पर्यटक रोमांचित हुए। बर्फबारी के कारण क्रिसमस और नए साल से पहले उत्तराखंड में ठंड बढ़ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने आज प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई थी।
चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्र लोहारी, लोखंडी, मोईला, देवबन, कोटी कनासर क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हुई। बर्फबारी रुक-रुक कर लगातार जारी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर मौसम ऐसा ही रहा तो रात को भारी बर्फबारी हो सकती है।
यमुनोत्री धाम के आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी के साथ बूंदाबांदी भी हुई है। बताया जा रहा है कि यमुनोत्री धाम के आसपास के क्षेत्रों में एक घंटे तक बर्फबारी जारी रही। बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है, जिसके चलते आज लोग सुबह से ही घरों में दुबके हुए हैं। जबकि व्यापारी लोग अगेठी के सहारे बैठे हैं। मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा में बर्फबारी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून के पर्वतीय इलाकों समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिले में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड बढ़ सकती है।


Leave a comment