हिल मेल ब्यूरो, मुंबई
मुंबई में टाटा सन्स के चैयरमैन सहित टाटा ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से भेंट की। मुख्यमंत्री ने टाटा ग्रुप को राज्य के विकास में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने एन. चंद्रशेखरन चैयरमैन, टाटा सन्स और बनमाली अग्रवाल, अध्यक्ष, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस एंड एयरोस्पेस-टाटा सन्स, से भेंट कर राज्य के विकास में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईज आफ डूईंग बिजनस के लिए राज्य सरकार ने बहुत से महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। मुख्यमंत्री ने टाटा के प्रतिनिधिमंडल को उत्तराखंड आकर विशेष तौर पर पर्यटन, ऊर्जा व विनिर्माण में निवेश की असीमित संभावनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
उत्तराखंड सरकार व टाटा ग्रुप के अधिकारियों ने उत्तराखंड में निवेश की सम्भावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया। टाटा ग्रुप और उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों ने बैठक में राज्य में निवेश की सम्भावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। राज्य सरकार के अधिकारियों ने पर्यटन, ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और सूचना प्रौद्योगिकी में निवेश के लिए प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
पढ़ें, शूटिंग लोकेशन देखने जल्द उत्तराखंड आएगा फिल्मकारों का दल
सभी जिलों में आतिथ्य क्षेत्र में टाटा निवेश करने का इच्छुक
व्यापक विचार-विमर्श के बाद, टाटा ग्रुप ने उत्तराखंड के सभी जिलों में एएमए (होम स्टे), ताज (रिसोर्ट), जिंजर (बिजनस होटल), जीवा (स्पा) आदि ब्रांड के माध्यम से आतिथ्य क्षेत्र में काम करने की रुचि जाहिर की। टाटा ग्रुप ने गोवा में फोर्ट अगुआडा और अंडमान निकोबार में हेवलॉक की तर्ज पर पर्यटन के लिए टिहरी झील के विकास की इच्छा जताई। टीसीएस आईओएन, राज्य में स्किलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर विकसित करेगी।
उत्तराखंड को निवेश का बेस्ट डेस्टिनेशन बनाने के लिए मुंबई में @TataCompanies के अधिकारियों से चर्चा की तथा टाटा ग्रुप को निवेश के लिए आमंत्रित किया। टाटा समूह ने IT, इलेक्ट्रिक वाहन तथा होमस्टे के क्षेत्र में निवेश की इच्छा व्यक्त की। pic.twitter.com/436xQg5fCr
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) December 19, 2019
नवीकरणीय ऊर्जा व इलेक्ट्रिक व्हीकल पर विशेष फोकस
टाटा पावर ने माइक्रो ग्रिड सोल्युशन के माध्यम से विद्युत वितरण प्रणाली में सुधार में सहयोग के लिए प्रस्ताव दिया ताकि उत्तराखंड वर्ष 2023 तक नवीकरणीय ऊर्जा से 50 प्रतिशत ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया जा सके। टाटा पावर राज्य में सोलर पंप विनिर्माण में सम्भावनाओं को भी देखेगी। भारत सरकार की फेम-2 योजना का उपयोग करते हुए उत्तराखंड में इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल सेक्टर के विकास पर भी गहन चर्चा की गई।
ड्रोन टेस्टिंग के एक्सीलेंस सेंटर में सहभागिता
टाटा एडवांस सिस्टम (टाटा ग्रुप की डिफेंस सेक्टर कम्पनी) राज्य में ड्रोन टेस्टिंग का एक्सीलेंस सेंटर विकसित करने में सहभागिता की सम्भावना पर काम करेगी। बैठक में टाटा ग्रुप की ओर से बनमाली अग्रवाल (अध्यक्ष, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस एंड एयरोस्पेस-टाटा सन्स), वी. रामास्वामी (ग्लोबल हेड-टीसीएस ईओएन), पुनित चटवाल (सीईओ, इंडियन होटल्स), राकेश सिंह (प्रमुख, रिन्युएबल्स बीडी-टाटा पावर), गिरीश वाघ (अध्यक्ष, वाणिज्यिक वाहन बीयू- टाटा मोटर्स) जबकि उत्तराखंड सरकार की ओर से मनीषा पंवार, प्रमुख सचिव, उद्योग, दिलीप जावलकर सचिव, पर्यटन, अमित सिन्हा, निदेशक आईटीडीए उपस्थित थे।


Leave a comment