उत्तराखंड में आजकल भारी बारिश हो रही है राज्य के कई हिस्सों के नदी नाले उफान पर चल रहे हैं। भारी बारिश के कारण आज मसूरी शहर के वन सुमन के निकट भारी भरकम पेड़ सड़क पर गिर गया, जिसके कारण देहरादून-मसूरी-दून मार्ग दो घंटे तक बंद रहा। सड़क बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार देखने की मिली। इस दौरान यहां आये पर्यटकों और स्थानीय लोगों को थोड़ा परेशानी झेलनी पड़ी।
जैसे ही देहरादून-मसूरी मार्ग में पेड़ गिरने की सूचना स्थानीय प्रशासन को मिली वहां तुरंत फायर कर्मी मौके पहुंच गये। फायर कर्मियों ने पेड़ काटकर जेसीबी की सहायता से सड़क से पेड़ को हटाया। दो घंटे की कड़ी कोशिश के बाद सड़क को आवाजाही के लिए खोला गया। उसके बाद वहां रूके पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
उत्तराखंड में पिछले दो तीन दिन से पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि खराब मौसम के बीच यमुनोत्री धाम की यात्रा चौथे दिन शुरू हो गई है। यमुनोत्री धाम के साथ आसपास बादल छाए हुए हैं जबकि बड़कोट क्षेत्र में बारिश जारी है। गढ़वाल के साथ ही कुमाऊं के भी कुछ हिस्सों में बारिश जारी है। जिससे लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई स्थानों से सड़कों के टूटने की सूचना मिल रही है।


Leave a comment