केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल में बंद होने से पूर्व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बाबा केदार के दर्शनों के लिए उनके धाम पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश उपचुनाव में भारी जीत के बाद योगी आदित्यनाथ बाबा केदार के दर्शनों को पहुंचे हैं।

दोनों मुख्यमंत्रियों ने बाबा केदार के दर्शनों के बाद वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। दोनों नेता केदारनाथ में ही रात्रि विश्राम करेंगे और कपाट बंद होने से पहले सुबह 4 से 6 बजे होने वाले पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।


इसके बाद योगी आदित्यनाथ बद्रीनाथ धाम भी जाएंगे। वहां वह यूपी सरकार के पर्यटक आवास गृह का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से चमोली जिले के जोशीमठ में स्थित श्री बद्रीनाथ धाम में एक एकड़ भूमि पर 40 कमरों के पर्यटक आवास गृह का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी लागत करीब 11 करोड़ है। इसमें 40 कमरों के साथ रेस्टोरेंट, कांफ्रेंस हाल, डोरमेट्री और पार्किंग की सुविधा होगी।
इस भवन का निर्माण गढ़वाल (उत्तराखंड) शैली के आर्किटेक्चर और ग्रीन बिल्डिंग के रूप में कराया जा रहा है। यह करीब दो साल में बनकर तैयार होगा। इसके बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों और विदेशों से आने वाले पर्यटक ठहर सकेंगे।
इससे पहले, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने योगी आदित्यनाथ का जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री श्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक धन सिंह नेगी, मुकेश कोली एवं मुख्य सचिव ओम प्रकाश भी उपस्थित थे।


Leave a comment