Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने पैतृक गांव पहुंचकर किया गुरु महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण
उत्तराखंड न्यूज़पौड़ी गढ़वाल

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने पैतृक गांव पहुंचकर किया गुरु महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण

अपने गांव पंचूर में गुरु को याद कर भावुक हुए यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने उत्तराखंड भ्रमण के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड में महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत अवेधनाथ महाराज की मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित थे। दूसरी बार यूपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार अपने गृह क्षेत्र यमकेश्वर पहुंचे यहां पहुंचने पर लोगों ने फूल मालाओं तथा ढोल-दमाऊ से उनका जोरदार स्वागत किया।

दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार अपने गांव आये। वे लखनऊ से सुबह जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उसके बाद हेलिकॉप्टर से यमकेश्वर पहुंचे। यमकेश्वर के महायोगी गोरखनाथ महाविद्यालय, बिथ्याणी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत किया गया। यहां पहुंचकर उन्होंने महायोगी गोरखनाथ महाविद्यालय में अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया। योगी आदित्यनाथ के महायोगी गोरखनाथ महाविद्यालय, बिथ्याणी पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने मांगल गीत गाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर गुरु को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गई।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अवैधनाथ महाराज जी का जन्म यमकेश्वर कांडी गांव में हुआ था। उन्होंने कहा कि वह अपनी छोटी सी उम्र में घर छोड़कर निकल गए थे, लेकिन उनका जन्मभूमि क्षेत्र से बेहद लगाव था। उन्होंने कहा कि उन्होंने देश के विभिन्न शहरों का भ्रमण कर गोरखपुर में ग्रहण किया। सीएम योगी ने कहा कि उन्हीं के प्रयासों से महाविद्यालय संचालन शुरू किया गया। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड सरकार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से इस महाविद्यालय को मान्यता दी गई।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महाविद्यालय में साइंस क्लास की घोषणा बेहद सराहनीय है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कहीं वर्षों बाद मुझे अपने गुरुजनों का सम्मान करने का अवसर मिला है। उन्होंने अपने छह गुरुजनों को शॉल ओढ़कर कर सम्मानित किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रुप से गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि पूज्य गुरु जी को उनकी जन्मभूमि पर सम्मान दे पा रहा हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे लिए गौरव की बात है कि मैं अपने स्कूली गुरुजनों का सम्मान कर पा रहा हूं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सबसे बड़ी समस्या पलायन है यहां के लोग पलायन कर रहे हैं यहां अच्छी शिक्षा अच्छा माहौल सौंदर्य और संभावनाएं हैं स उत्तराखंड का युवा जहां भी जाता है अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश 2014 बाद नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। सन 2000 से पूर्व सभी लोग यूपी के ही हैं। कोरोना में बहुत से लोगों ने अपनों को खोया है लेकिन भारत का सबसे बढ़िया प्रबंधन पूरे विश्व में सराहा गया, पहले महामारी में मौतें बीमारी से ज्यादा भुखमरी से होती थी लेकिन अब माननीय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदल चुका है, सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

सीएम योगी ने कहा कि देश को बचाना है तो उत्तराखंड के पलायन को रोकना होगा क्योंकि उत्तराखंड देश की उत्तरी सीमा है। पलायन रोकने के लिए वृक्षारोपण, जल संरक्षण को बढ़ावा देना होगा। उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन को इको पर्यटन से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा लेकिन इसके लिए पलायन को रोकना पड़ेगा।

जहां अन्य राज्यों में अव्यवस्था फैली है वही उत्तर प्रदेश में आज ईद के अवसर पर कहीं कोई उपद्रव नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश में व्यक्तिगत आस्था पर कोई प्रतिबंध नहीं है किंतु उससे किसी अन्य को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है जन भावना के साथ आस्था के नाम पर खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख अनावश्यक माइक हटवाए हैं और कहीं कोई विवाद नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंपावत के उप चुनाव के प्रचार का शुभारंभ आज यमकेश्वर की इस पावन धरती से हो गया है। योगी जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश उत्तराखंड की 21 वर्षों से जकड़ी समस्या का समाधान अंतिम चरण पर है। उन्होंने कहा कि हमें बड़ों की अच्छाईयां देखनी चाहिए कमियां नही। आस्था का सम्मान दूसरों की भावना का सम्मान रखते हुए करना चाहिए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री नहीं अपने गुरुजनों राजेंद्र सिंह रावत, राजेंद्र सिंह भंडारी, महिमानंद बड़थ्वाल, सत्य प्रसाद बड़थ्वाल को सम्मानित किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि योगी आदित्यनाथ करिश्माई व्यक्तित्व है, योगी जी जन्म भूमि में लंबे वक्त बाद आए है। उन्होंने कहा कि महंत अवैद्यनाथ का संबंध हिंदू धर्म, भाईचारे को मजबूत करने व जो पीछे छूट गए हैं उन्हें मुख्य धारा में लाने का रहा है। उनका राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि पहले अयोध्या में भगवान राम टेंट में थे वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद वहां भव्य मंदिर बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कहा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में अयोध्या भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के आध्यात्मिक व सांस्कृतिक राजधानी बनने जा रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ मार्ग भव्य हुआ है जिससे लोगों को जल चढ़ाने में कोई दिक्कत नहीं होती है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कहा है कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा।

उत्तराखंड में आजादी के बाद जितने पर्यटक चारधाम की यात्रा पर आए हैं इन 10 सालों में सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर होटल, परिवहन व यात्रा से जुड़े लोगों से जानकारी मिली है कि आने वाले 2 माह के लिए सारे होटलों की बुकिंग फुल हो गई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि योगी जी का जन्म उत्तराखंड में हुआ है किंतु वे अब पूरे देश की धरोहर बन चुके हैं। मुख्यमंत्री ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान कक्षा संचालित करने की घोषणा की। साथ ही कहा कि महाविद्यालय के लिए जो भी अन्य संसाधनों की आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर गढ़वाल सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड तीरथ सिंह रावत, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, यमकेश्वर विधायक रेनु बिष्ट, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान, उप जिलाधिकारी यमकेश्वर प्रमोद कुमार, चैबट्टाखाल संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...