Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देवस्थानम बोर्ड की पहली बैठकः ऑनलाइन पूजा में नहीं कराए जाएंगे गर्भगृह के दर्शन, राज्य सरकार देगी 10 करोड़
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

देवस्थानम बोर्ड की पहली बैठकः ऑनलाइन पूजा में नहीं कराए जाएंगे गर्भगृह के दर्शन, राज्य सरकार देगी 10 करोड़

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को सीएम आवास में उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की पहली बैठक आयोजित की गई। बोर्ड की पहली बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार द्वारा धार्मिक यात्रा के समुचित संचालन के लिए अंतर विभागीय समन्वय के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड का अलग लोगो बनाया जाएगा। साथ ही कोविड के चलते यात्रा को कैसे सुचारू किया जाए, इस पर भी विचार किया गया। कुछ और मंदिरों को भी भविष्य में देवस्थानम बोर्ड में जोड़ा जा सकता है।

मंदिरों की सम्पति, निधि, बहुमूल्य वस्तुओं को बोर्ड के प्रबंधन में अंतरित करने हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी को अधिकृत किया गया है, इसके लिए कार्यवाही सबंधित जिलाधिकारियों द्वारा की जाएगी। उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड का अलग बैंक एकाउंट होगा। इसके लिए बैठक में राज्य सरकार द्वारा 10 करोड़ रूपये की धनराशि की स्वीकृति दी गई है। बदरी -केदार मंदिर समिति की अवशेष धनराशि भी उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड में ट्रांसफर की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि विश्वभर में उत्तराखंड आध्यात्म का केंद्र है। उत्तराखंड के मंदिरों की प्राचीन शैली इसकी विशिष्टता है। इसको बनाए रखने के लिए यह सुनिश्चित किया जाय कि मंदिरों का प्राचीन स्वरूप बना रहे। जो लोग मंदिरों के ऑनलाइन दर्शन करना चाहते हैं, उन्हें गर्भगृह को छोड़कर बाकी मंदिर परिसर के ऑनलाइन दर्शन एवं ऑडियो के माध्यम से पूजा-अर्चना करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही इसमें धार्मिक मान्यताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाय। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड चारधाम देवस्थाम प्रबंधन बोर्ड में सबके हक-हकूकों का ध्यान रखा जाएगा। बैठक में मंदिरों एवं उनसे जुड़ी प्रमुख पांडुलिपियों एवं अन्य ऐतिहासिक महत्व के सामग्री संग्रहण के लिए संग्रहालय बनाने की बैठक में चर्चा की गई है।

 

https://www.facebook.com/tsrawatbjp/videos/977813892649890/

 

बद्री-केदार मंदिर समिति के कार्मिकों का समायोजन उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड में किया जाएगा। बोर्ड के लिए अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी एवं वित्त नियंत्रक का एक पद सृजित किया जाएगा। उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड में विभिन्न न्यायिक मामलों के लिए ट्रिब्यूनल बनाई जाएगी। एनआईसी द्वारा बदरी-केदार मंदिर समिति के लिए बनाई गई वेबसाइट का अधिग्रहण कर इसका अपग्रेडेशन किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने कोविड-19 के दृष्टिगत बदरी-केदार मंदिर समिति के कार्मिकों द्वार दिए गए एक दिन के वेतन का 05 लाख रूपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा।

उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष सतपाल महाराज ने मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से भी बोर्ड को 05 लाख एक रूपये की धनराशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। बैठक में विधायक बदरीनाथ महेंद्र भट्ट, विधायक गंगोत्री गोपाल सिंह रावत, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, सचिव पर्यटन एवं संस्कृति दिलीप जावलकर, सचिव वित्त श्रीमती सौजन्या, मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड रविनाथ रमन उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...