Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ रक्तदान अमृत महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड को मिला दूसरा स्थान
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरदेश-विदेशसरोकार

रक्तदान अमृत महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड को मिला दूसरा स्थान

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली में आज राष्ट्रीय रक्तदान दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया के हाथों उत्तराखंड को सम्मानित किया गया। उत्तराखंड को यह सम्मान रक्तदान अमृत महोत्सव में रक्तदान कलेक्शन के लिये राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करने पर दिया गया।

राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने इसे स्वास्थ्य विभाग की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है जिसके लिये स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विगत 17 सितम्बर 2022 को शुरू किये गये रक्तदान अभियान में प्रदेश के लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। जिसके चलते राज्य के विभिन्न रक्त कोषों में 8,672 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो कि प्रदेश के लिये किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।

विभागीय मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर पर लगे रक्तदान शिविरों में आकर लोगों ने रक्तदान किया। इसके अलावा प्रदेशभर में 24,987 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिये भारत सरकार द्वारा संचालित ई-रक्तकोष पोर्टल एवं आरोग्य सेतु ऐप पर अपना पंजीकरण कराया।

डॉ रावत ने बताया कि रक्तदान अमृत महोत्सव के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले रक्तदाताओं से निकट भविष्य में रक्तदान के लिये सम्पर्क किया जायेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान अभियान के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले एवं रक्तदान के लिये ऑनलाइन पंजीकरण करने वाले व्यक्तियों को ई-रक्तकोष पोर्टल के माध्यम से प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किये गये हैं।

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया द्वारा उत्तराखंड के प्रभारी स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर निदेशक उत्तराखंड रक्त संचरण परिषद डॉ सरोज नैथानी, प्रभारी अधिकारी ब्लड सेल डॉ सुजाता सिंह भी मौजूद रही।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...