Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ रुद्रपुर में गांधी जयंती के अवसर पर सीएम धामी और रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने फहराया 191 फीट ऊंचा तिरंगा
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

रुद्रपुर में गांधी जयंती के अवसर पर सीएम धामी और रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने फहराया 191 फीट ऊंचा तिरंगा

रुद्रपुर के गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उत्तराखंड के सबसे ऊंचे राष्ट्रध्वज को फहराया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां आयोजित कार्यक्रम में हनुमान चालीसा के पाठ के बाद बटन दबाकर 191 फीट ऊंचे तिरंगे को फहराया। राष्ट्रगान के पश्चात तिरंगे को सलामी दी गई। इस दौरान पूरे गांधी पार्क का माहौल देशभक्ति में सरोबर रहा।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने ओलंपिक 2021 में पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार, आईएएस की परीक्षा में पूरे देश में 38वें स्थान प्राप्त करने वाली वरूणा अग्रवाल, वंदे मातरम ग्रुप के संयोजक संजय आर्या व कोरोना काल में जनसेवा करने वाले राधास्वामी सत्संग ब्यास रूद्रपुर के सदस्यों को सम्मानित किया। उन्होने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दर्शन लाल, दलवीर व सेवा सिंह को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

 

सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा, सरकार का प्रत्येक क्षण प्रदेश की जनता के लिए समर्पित है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि समाज के अंतिम छोर तक विकास पहुंच सके। लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। राज्य सरकार लगातार विद्युत, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में काम कर रही है और लोगों की समस्याओं का समाधान करना उसकी प्राथमिकता है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा बंगाली समुदाय के लिए उनके प्रमाण-पत्रों में पूर्वी पाकिस्तानी या बांग्लादेशी शब्द को हटाने, नजूल भूमि पर जनता को मालिकाना हक देने का कार्य प्रारम्भ, किसानों के गन्ने का पूर्ण भुगतान आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलम्बी बनाने के लिए लगातार राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अन्तर्गत समूह की महिलाओं के उत्थान के लिए 119 करोड़ का पैकेज राज्य सरकार द्वारा दिया गया है। उन्होने कहा कि जिन लोगो का रोजगार कोरोना काल में प्रभावित हुई है सरकार उन सभी वर्गों का आर्थिक सहायता के रूप में सहयोग कर रही है। उन्होने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए उद्योंगों का विकसित होना बहुत जरूरी है जिसके लिए सरकार अगले तीन महीने में उद्योंगों की सभी समस्याओं का समाधान करेगी। उन्होने कहा कि उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय बेराजगारों को रोजगार मिले इसके लिए प्राविधान लाया जायेगा जिसे सख्ती से लागू किया जायेगा। उन्होने कहा कि प्रदेश के सभी एयरपोर्ट को हवाई सेवाओं से जोड़ा जायेगा।

इस अवसर पर रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है जो हमें आत्मसात करने वाला मुख्यमंत्री मिला है। उन्होने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है, आज देश की सीमाऐं पूरी तरह से सुरक्षित है। जिस तरह से आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास कर रहा है, उसी प्रकार उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निरंतर विकास कर रहा है।

विधायक राजकुमार ठुकराल ने मुख्यमंत्री धामी एवं रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट को समृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि आज रूद्रपुर के लिए एक बड़ा दिन है जो आज यहां पर ओजस्वी मुख्यमंत्री धामी और रक्षा राज्यमंत्री के करकमलों से उत्तराखंड के सबसे ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया गया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles