उत्तराखंड के नवोदित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैबिनेट सहयोगियों को विभागों का बंटवारा कर दिया है। सबसे वरिष्ठ सतपाल महाराज को पीडब्ल्यूडी जैसा बड़ा महकमा दिया गया है। वहीं राज्य को लंबे समय बाद फुलटाइम स्वास्थ्य मंत्री भी मिल गया है। डा. धन सिंह रावत को हेल्थ महकमे की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी में अपने पास 15 विभाग रखे हैं, जिनमें मुख्य रूप से मंत्रिपरिषद, कार्मिक एवं सतर्कता, गृह, वित्त, राज्य सम्पत्ति, राजस्व, न्याय, सूचना सचिवालय प्रशासन, सामान्य प्रशासन, औद्योगिक विकास (खनन), तकनीकी शिक्षा, नागरिक उड्डयन एवं नियोजन शामिल हैं।



सतपाल महाराज को लोक निर्माण विभाग के अलावा सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, लघु सिंचाई, जलागम प्रबंधन, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व जैसे विभाग मिले हैं। डा. हरक सिंह रावत को वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, श्रम, कौशल विकास, आयुष, आयुष शिक्षा और ऊर्जा विभाग दिया गया है । बंशीधर भगत को विधायी एवं संसदीय कार्य, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, शहरी विकास, आवास एवं सूचना एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग दिया गया है। यशपाल आर्य को परिवहन, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, निर्वाचन और आबकारी महकमा मिला है। इसके अलावा बिशन सिंह चुफाल को पेयजल, वर्षा जल संग्रहण, ग्रामीण निर्माण और जनगणना विभाग मिला है।
सुबोध उनियाल को कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि विपणन, उद्यान और जैव प्रौद्योगिकी जैसे 7 विभाग मिले हैं। साथ ही अरविंद पांडे को विद्यालयी शिक्षा (बेसिक एवं माध्यमिक दोनों), खेल, युवा कल्याण, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा जैसे 6 विभाग मिले है। गणेश जोशी का कद बढ़ाते हुए सैनिक कल्याण, औद्योगिक विकास, लघु सूक्ष्म मध्यम उद्यम और खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग मिला है। डा. धन सिंह रावत को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के अलावा सहकारिता, प्रोटोकॉल, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, उच्च शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं। रेखा आर्य को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पशुपालन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य पालन विभाग दिए गए हैं यतीश्वरानंद को भाषा, पुनर्गठन गन्ना एवं चीनी उद्योग एवं ग्रामीण विकास विभाग दिया गया है।


Leave a comment