टिहरी जिले के व्यासी में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना निर्माण को लेकर वहां के लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां के लोगों ने कहा है कि उनकी कई समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इस बात को लेकर यहां के ग्रामीण लोगों के बीच गुस्सा फूट रहा है। यहां के स्थानीय निवासियों ने उत्तराखंड क्रांति दल के नेता सरदार सिंह पुंडीर के साथ मिलकर भारी बारिश के बीच व्यासी में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन पहुंचकर जबरदस्त नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज किया।
पहाड़ों में आजकल भारी बारिश हो रही है यहां के लोग भारी बारिश में भी यहां पहुंचे और प्रशासन के विरूद्ध अपना विरोध दर्ज कराया। अटाली, लोयल, लोरसी, सिंगटाली और कौडियाला के ग्रामीण ने यहां आकर अपना प्रदर्शन किया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं ने भी भाग लिया। गांव के आंदोलन करने वाले लोगों का साफ कहना है कि वे रेल परियोजना का विरोध में नहीं हैं, बल्कि ऐसे कार्यों का विरोध कर रहे हैं जिसके कारण गांव के गांव उजड़ व तबाह होते जा रहे हैं, आंदोलनकारियों का कहना है कि जब पानी के स्रोत ही सूख जाएंगे, घर टूट कर बर्बाद हो जाएंगे, तो यह परियोजना हमारे लिए किस काम की है।
ग्रामीणों ने कहा कि टनल के निर्माण होने से उनके मकानों पर दरारें पड़ गई हैं तथा प्राकृतिक जलस्रोत भी सूख गए हैं। इसके अलावा कई परिवारों को अभी मुआवजा भी नहीं मिला है। कई पैदल रास्तों को भी काफी नुकसान पहुंचा है जिससे आम लोगों को काफी परेशानियां हो रही हैं। गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने रेलवे निर्माण निगम से कई समस्याओं से अवगत कराया है लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। आन्दोलनकारी ग्रामीणों ने कहा है कि अगर एक महीने के अंदर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह 1 सितम्बर 2022 से व्यासी में उग्र आंदोलन की शुरूआत करेंगे।


Leave a comment