उत्तराखंड के कई जंगलों में आजकल भंयकर आग लगी हुई है। नैनीताल से भवाली वाली रोड पर पाइंस के जंगलों में भीषण आग का सिलसिला जारी है। आग की वजह से रोड पर धुआं छाया है और गाड़ियों की आवाजाही बाधित हो गई है। यह आग शहर में हाई कोर्ट कॉलोनी तक आ गई है। भारतीय सेना और वायु सेना की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
कुमाऊं के जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने भीमताल झील से पानी भरकर जंगलों में पानी डालने का काम करना शुरू कर दिया है। वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने भीमताल झील से पानी भरकर नैनीताल के जंगलों में लगी आग पर डाला।
हेलीकॉप्टर से कई बार झील से पानी भरकर जंगलों में लगी आग पर डाला जा रहा है। वन विभाग के कर्मचारी भी आग बुझाने में लगे हुए हैं। आग से भीमताल, पाइंस, रानीबाग, सातताल, बेतालघाट और रामगढ़ के जंगलों की वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।

कुमाऊं के जंगलों में 26 जगहों पर लगी है आग
उत्तराखंड के जंगलों में लगी आग भीषण हो गई है। वहीं कुमाऊं में जंगल धधक रहे है। आग की घटनाएं लगातार जारी हैं। बीते 24 घंटे में एक-दो नहीं बल्कि कुमाऊं के जंगलों में 26 जगहों पर आग लगी है। प्रदेश के 31 जगहों पर आग लगने की घटना हुई है, इसमें सर्वाधिक आग लगने की घटना कुमाऊं में 26 स्थानों पर हुई। गढ़वाल मंडल में कोई भी घटना नहीं हुआ है, जबकि वन्यजीव क्षेत्र में पांच स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में करीब 34 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वनसंपदा को नुकसान पहुंचा है।
प्रदेश में नवंबर-2023 से 575 वनाग्नि की घटनाएं हुई हैं, इसमें करीब 690 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वनसंपदा को नुकसान पहुंच चुका है। इस वर्ष बारिश व बर्फबारी न होने गर्मी अधिक होने लगी है। बढ़ते तापमान के बीच नैनीताल व आसपास के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है। खड़ी पहाड़ियों में आग लगने के चलते वह विभाग व दमकल विभाग की टीम भी कई स्थानों पर आग पर काबू नहीं पा सकी है। जिसके चलते जंगल जलकर राख हो चुके हैं। अब आग पर काबू पाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है।
आग लगने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में हो रही वनाग्नि की घटनाओं पर जल्द ही काबू पा लिया जाएगा। सेना से भी इस संबंध में सहायता ली जा रही है और हेलीकॉप्टर के माध्यम से आग बुझाने का कार्य किया जा रहा है। सीएम धामी ने आज हल्द्वानी में अधिकारियों के साथ भी वनाग्नि से संबंधित विषयों पर समीक्षा बैठक की। उन्होंने नैनीताल क्षेत्र में वनाग्नि से हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम धामी ने कहा कि जंगलों में आग लगाने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी तथा वनाग्नि पर नियंत्रण पाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।


Leave a comment