एवरेस्ट पर टीवी शो की शूटिंग के सिलसिले में उत्तरकाशी पहुंचे बॉलीवुड के प्रख्यात निर्माता निर्देशक आशुतोष गोवारिकर यहां के प्राकृतिक सौंदर्य से अभिभूत नजर आए।
एनआईएम में आयोजित पत्रकार वार्ता में गोवारिकर ने कहा कि वे पहली बार उत्तराखंड आए हैं। प्राकृतिक तौर पर खूबसूरत लोकेशन के लिए बॉलीवुड में जम्मू कश्मीर और हिमाचल ही जाना जाता है, लेकिन उत्तराखंड में कहीं बेहतर लोकेशन हैं। यहां स्थानीय लोगों का सहयोगी रवैया भी फिल्म शूटिंग के लिहाज से अनुकूल है।
गोवारिकर ने शूटिंग के लिए यहां आमंत्रित करने के लिए एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल अजय कोठियाल का आभार जताया। उन्होंने बताया कि देहरादून में भी शूटिंग के लिए कुछ लोकेशन की पहचान गई हैं।
उन्होंने कहा कि 12 फरवरी से देहरादून और 18 फरवरी से उत्तरकाशी में शूटिंग शुरू की जाएगी। इसके लिए करीब डेढ़ सौ लोगों की यूनिट यहां पहुंच रही है। अपने टीवी शो के बारे में उन्होंने बताया कि यह एवरेस्ट की चुनौती पर आधारित है।
उन्होंने गंगा घाटी में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान समेत विभिन्न लोकेशन चिन्हित कर 18 फरवरी से यहां शूटिंग शुरू करने का निर्णय लिया है। एनआईएम में न सिर्फ विभिन्न दृश्यों की शूटिंग की जाएगी, बल्कि कलाकारों को पर्वतारोहण प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इस मौके पर कर्नल कोठियाल ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां शुरू होने से न सिर्फ देश-विदेश में अच्छा संदेश जाएगा, बल्कि यहां की खूबसूरत लोकेशन फिल्म के माध्यम से हर जगह पहुंचने से यहां के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उसके बाद अगले दिन आशुतोष गोवारिकर ने मुख्यमंत्री हरीश रावत से भी भेट की तथा उत्तराखंड में शूंटिंग की अपार सम्भावनाओं के बारे में चर्चा की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेहद खूबसूरत राज्य है। यहां फिल्म उद्योग के लिए काफी संभावनाएं हैं। यहां के पर्यटक स्थल भी काफी आकर्षक हैं और किसी को भी अपनी ओर आकर्षित कर सकते हैं।
हिलमेल ब्यूरो


Leave a comment