पौड़ी गढ़वाल के तल्ला बनास गांव के मूल निवासी वरिष्ठ टीवी पत्रकार मनजीत नेगी को केदारनाथ आपदा के दौरान रिपोर्टिंग के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सम्मानित किया। दिल्ली में राजनाथ सिंह ने उत्तरांचल उत्थान परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मनजीत नेगी को जन नायक माधो सिंह भंडारी स्मृति सेवा सम्मान प्रदान किया।
केदारनाथ आपदा के समय मनजीत नेगी गुप्तकाशी से 55 किलोमीटर पैदल चलकर केदारनाथ पहुंचने वाले पहले पत्रकार थे। आपदा के बाद पिछले लगभग 2 साल में वे 7 बार केदारनाथ जाकर वहां के हालत का जायजा ले चुके हैं। हाल में 24 अप्रैल को कपाट खुलने के समय वे केदारनाथ में मौजूद थे और नेपाल में भूकम्प आने के बाद वे सीधे केदारनाथ से पशुपतिनाथ रवाना हो गए।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह उत्तरांचल उत्थान परिषद द्वारा आयोजित प्रवासी पंचायत-2015 को संबोधित कर रहे थे। एनडीएमसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के लोगों को आपस में जोड़ने में क्षेत्रीय भाषाओं का विशेष महत्व होता है। केंद्र सरकार इन भाषाओं के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रवासी पंचायत में उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश ने कहा कि दुनिया के जिन देशों ने अपने गांवों को नकारा है वे आगे नहीं बढ़ पाए। इस पंचायत के अंर्तगत देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे प्रवासियों के मध्य जन-संवाद स्थापित किया जाता है। दिल्ली में उत्तराखंड के 30 लाख लोग रहते हैं जो विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं।
हिलमेल ब्यूरो


Leave a comment