Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ हरिद्वार और ऋषिकेश बनेंगे ‘ट्विन सिटी’
उत्तराखंड न्यूज़पर्यटन समाचार

हरिद्वार और ऋषिकेश बनेंगे ‘ट्विन सिटी’

Clock Tower at Har-ki-Pauri, Haridwarविश्व में हरिद्वार और ऋषिकेश को पवित्र एवं प्रसिद्ध स्थलों के रूप में जाना जाता है। हरिद्वार वह स्थान है जहाँ गंगा नदी पहाड़ों को छोड़ने के बाद मैदानों में प्रवेश करती है। राजा विक्रमादित्य ने हर-की-पौड़ी का निर्माण अपने भाई ब्रिथारी की याद में करवाया था, जो गंगा नदी के घाट पर बैठ कर ध्यान किया करते थे।

अब केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कहा है कि विश्व में आध्यात्मिकता के क्षेत्र में अलग महत्व रखने वाले हरिद्वार तथा ऋषिकेश को केंद्र सरकार जुड़वा शहर (ट्विन सिटीज) के रूप में विकसित करेगी। यह बात उन्होंने हाल ही में देहरादून यात्रा के दौरान कही।

केंद्रीय मंत्री ने टिहरी झील को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद यह झील पर्यटन के क्षेत्र में एक जाना पहचाना नाम बन जायेगी। टिहरी बांध की विशाल झील को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल के तौर पर स्थापित करने के लिए केंद्र वित्तीय मदद देगा।

इसके अलावा टिहरी झील से नई टिहरी तक रोपवे के लिए 30 करोड़ व लिंचैली से केदारनाथ तक रोपवे के लिए 50 करोड़ की राशि जल्द मंजूर की जाएगी। साथ ही, चार धामों के विकास के लिए दस-दस करोड़ की योजनाएं भी मंजूर की जाएंगी।

Rishikesh ..राज्य मंत्री ने अपनी उत्तराखंड की यात्रा के दौरान राज्य के पर्यटन मंत्री दिनेश धनै से भी मुलाकात की। उन्होंने उत्तराखंड के पर्यटन से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में राज्य के पर्यटन मंत्री व विभागीय अफसरों के साथ बैठक भी की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, लेकिन इस राह में कनेक्टिविटी की कमी आड़े आ रही है।

केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री हरीश रावत से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विश्व में आध्यात्मिकता के क्षेत्र में उत्तराखण्ड के महत्व से सभी परिचित हैं और हरिद्वार व ऋषिकेश को पर्यटन में जुड़वा शहर के तौर पर केंद्र सरकार विकसित करेगी। मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान कहा कि यदि हरिद्वार व ऋषिकेश में गंगा किनारे घाट बनाने में केंद्र सरकार सहयोग करे तो बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।

हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड को दक्षिण पूर्व एशिया में पर्यटन के एक बड़े आकर्षण केंद्र के तौर उभारा जा सकता है जिस पर केंद्रीय मंत्री ने भी अपनी सहमति व्यक्त की। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि दोनों शहरों को विश्व योग केंद्र के रूप में स्थापित किया जायेगा। साथ ही, दोनों शहरों के बीच मेट्रो रेल के लिए भी अतिरिक्त वित्तीय मदद पर विचार किया जाएगा।

हिलमेल ब्यूरो

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...