हिल-मेल ब्यूरो
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन ने बंगलुरू में फाइटर प्लेन दुर्घटना में शहीद हुए देहरादून के स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ नेगी के पंडितवाड़ी स्थित आवास पर जाकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके साथ मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत भी मौजूद थे। रक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने स्व. सिद्धार्थ नेगी के माता-पिता व पत्नी धुविका को ढाढस बंधाया। उन्होंने दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है।
रक्षा मंत्री ने शहीद के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
गौरतलब है कि एक फरवरी को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) का मिराज-2000 ट्रेनर विमान बेंगलुरू के में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में दून निवासी स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ नेगी व गाजियाबाद निवासी स्क्वाड्रन लीडर समीर अबरोल शहीद हो गए थे। सिद्धार्थ के पिता बलबीर सिंह नेगी ने कहा कि उनके बेटे ने अपनी ड्यूटी निभाई है। उन्हें गर्व है कि उनके बेटे ने खुद की जान देकर कई लोगों की जान बचाई है। जिस दिन यह हादसा हुआ उसी दिन सिद्धार्थ का जन्मदिन भी था।


Leave a comment