ऋषिकेश के लिए 5 अगस्त का दिन खास रहा। त्रिवेणी घाट पर देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष के साथ देश की आन बान और शान के प्रतीक 101 फुट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण किया गया। ऋषिकेश की मेयर अनिता ममगाईं और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने सामूहिक रूप से इस ध्वज को शहरवासियों को समर्पित किया।


अनिता ममगाईं के जन्मदिन पर हुए इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि नगर निगम की कमान संभालने के बाद से ही यह ख्वाहिश थी कि देवभूमि ऋषिकेश की हृदयस्थली त्रिवेणी घाट पर गगनचुंबी राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया जाए, जो यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों में देश प्रेम की भावना जागृत कर सके। आज मेरे जन्मदिन पर इसका लोकार्पण होना गर्व की बात है। इस दौरान भारतीय पुरुष हॉकी टीम के ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने का जिक्र करते हुए अनिता ममगाईं ने कहा, पांच अगस्त का दिन ऐतिहासिक है। आज के दिन जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटी। इसी ऐतिहासिक दिन राम मंदिर के सपने के साकार होने का दिन निर्धारित हुआ। आज इसी महान दिवस पर जहां एक और तीर्थ नगरी में गगनचुंबी तिरंगा लहरा रहा है वहीं पूरे देश में भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने का जश्न लोग अपने-अपने शहरों में तिरंगा लहरा कर मना रहे हैं। भारतीय टीम का 41 साल बाद आज के ही दिन ओलंपिक में पदक जीतने से बड़ा उपहार कुछ नहीं हो सकता।

अपने संबोधन में महापौर ने कार्यक्रम में मौजूद एमडीडीए के अधिकारियों, शहर के तमाम गणमान्य नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस बीच मेयर के जन्मदिन पर शहर में कई जगह सार्वजनिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए गए।

सुबह मेयर ममगाईं ने कुष्ठ आश्रम में जाकर फल एवं कपड़े वितरित किए। कई सामाजिक संगठनों ने उनके जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित किए। निगम कर्मचारियों एवं स्वच्छता प्रहरियों के साथ अनिता ममगाईं ने निगम प्रांगण में पौधै रौंपे। इसके पश्चात राजकीय चिकित्सालय जाकर वहां रोगियों एवं उनके तीमारदारों को फल एवं जूस के पैकेट वितरित किए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डो में भी विभिन्न संगठनों की ओर से कहीं पौधारोपण तो कहीं केक काटकर मेयर के जन्मदिन पर उनके दीर्घायु होने की मंगल कामना की गई।


Leave a comment