Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सीएम धामी बड़ा ऐलान, शक्तिफार्म बनेगी उप-तहसील, बंगाली समाज के जाति प्रमाण पत्र से हटेगा ‘पूर्वी पाकिस्तान शब्द’
उत्तराखंड न्यूज़ऊधम सिंह नगर

सीएम धामी बड़ा ऐलान, शक्तिफार्म बनेगी उप-तहसील, बंगाली समाज के जाति प्रमाण पत्र से हटेगा ‘पूर्वी पाकिस्तान शब्द’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उधमसिंह नगर जिले में विस्थापित बंगाली समाज को जारी किए जाने वाले जाति प्रमाण पत्र से ‘पूर्वी पाकिस्तान’ शब्द हटाए जाने तथा शक्ति फार्म को उप-तहसील बनाए जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने शक्ति फार्म के साथ ही सितारगंज क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं के त्वरित समाधान का भी आश्वासन दिया है।

 

बृहस्पतिवार को सीएम धामी से सितारगंज से विधायक सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आए लोगों ने भेंट की। स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या से अवगत कराया। शक्तिफार्म के निवासियों की प्रमुख मांग थी कि विस्थापित बंगाली समाज को जारी किए जाने वाले जाति प्रमाण पत्र से पूर्वी पाकिस्तान शब्द को हटा दिया जाए। इसकी ये लोग वर्षों से मांग कर रहे हैं। उनके द्वारा क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिये शक्तिफार्म में उप तहसील की स्थापना की भी मांग रखी।
सीएम धामी ने सभी की समस्या सुनते हुए कहा कि विस्थापित बंगाली समाज के लोगों को जारी किए जाने वाले जाति प्रमाण पत्र से पूर्वी पाकिस्तान शब्द हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका प्रस्ताव शीघ्र कैबिनेट में भी लाया जाएगा। क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री ने शक्तिफार्म में उप तहसील खोले जाने की भी घोषणा की। क्षेत्रीय लोगों के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र शक्ति फार्म का भ्रमण करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे सितारगंज सहित पूरे क्षेत्र की समस्याओं से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही खनन नीति के साथ ही उद्यमियों की सुविधा के लिये नीतियों में भी बदलाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों को केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अनावश्यक अपने काम के लिए शासन के चक्कर न लगाने पड़ें इसके लिए जिलाधिकारियों को जनपद की समस्याओं का समाधान जिले में ही किए जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 10 से 12 बजे तक दो घंटे नियमित रूप से जनता से मिल कर उनकी समस्याओं को समाधान करें इसके भी निर्देश दिए गए हैं।

यह भी देखें – स्वरोजगार से जुड़ी हर समस्या मौके पर होगी दूर, पहली सितंबर से हर जिले में कैंप लगा रही धामी सरकार

उन्होंने कहा कि लोगों को अधिक से अधिक स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हों इसके लिए विभागवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही राज्य में 40 हजार स्वयं सहायता समूहों को अलग से पैकेज की घोषणा भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शक्ति फार्म में ग्रोथ सेंटर स्थापित करने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा एजेंडा चुनाव नहीं, प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र विकास है। हम घोषणाओं के साथ शासनादेश भी जारी कर रहे हैं। जिस योजना का शिलान्यास करेंगे, उसका लोकार्पण भी किया जाएगा। हमारा विश्वास कार्यों को उलझाने में नहीं, सुलझाने में है। हम बोलेंगे कम और काम ज्यादा करेंगे। उन्होंने सभी से प्रदेश एवं क्षेत्र के विकास में सहयोगी बनने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास हम सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तहसील दिवसों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। सरकारी कार्यप्रणाली में हमने नो पेडेंसी की कार्य प्रणाली विकसित करने का नियम बनाया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles