उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। रविवार को 239 नए मामले सामने आए हैं। सबसे ज्यादा 150 मामले हरिद्वार से हैं। इसके अलावा देहरादून से 58, ऊधमसिंह नगर से 13, नैनीताल से 7, उत्तरकाशी से 5, पौड़ी से चार, चमोली और अल्मोड़ा से एक-एक मामला सामने आया।
राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 25,05 पहुंच गई है। रविवार को 35 लोग संक्रमण से बाहर आए। सूबे में रविवार को 2573 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ है। उत्तराखंड में इस समय कोरोना के 1311 एक्टिव केस हैं। वहीं अभी तक 3116 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना से 52 लोगों की जान गई है। काफी दिन से 70 फीसदी के ऊपर चल रहा रिकवरी रेट भी रविवार को 69.01% पर आ गया।

कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सूबे में 97 इलाकों में पाबंदियां लगाई गई हैं। हरिद्वार जिले में सबसे अधिक 61 कंटेनमेंट जोन हैं। ऊधमसिंह नगर जिले में 25 इलाकों को बंद किया गया है। देहरादून जिले में सात कंटेनमेंट जोन है। वहीं उत्तरकाशी में चार कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अबतक 1,04,118 लोगों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। वहीं, 8104 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ली संक्रमित सैन्यकर्मियों की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से फोन पर बात कर राज्य में कोरोना पाजिटिव पाए गए 17 सैनिकों के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने कोरोना संक्रमित हुए सैनिकों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार और सेना के अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए इनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना से लगातार संपर्क किया गया है और हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य में कोविड-19 की अद्यतन स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले दिनों कोरोना पाजिटिव मामलों में वृद्धि हुई है परंतु स्थिति नियंत्रण में है। राज्य में सर्विलांस और सेम्पलिंग में काफी बढ़ोतरी की गई है। आईसीयू, वेंटिलेटर और आक्सीजन सपोर्ट की सुविधाएं भी लगातार बढाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बरसात को देखते हुए राज्य में आपदा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से आवश्यकतानुसार हर सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 और आपदा प्रबंधन की निरंतर समीक्षा की जा रही है।


Leave a comment