नैनीताल जिले में कोरोना वायरस के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कुछ देर पहले नैनीताल जिले की लालकुआं कोतवाली में 29 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। लालकुआं में मंगलवार को 96 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिसमें एक साथ 29 पुलिसकर्मियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक और शहर के गणमान्य लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
एक साथ दो दर्जन से अधिक मामले सामने आने की खबर ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। खबर ये भी है कि प्रशासन पूरे लालकुआं शहर को कंटेनमेंट जोन बना सकता है। प्रशासन की ओर से आसपास के लोगों से अपील की गई है कि वे घर में ही रहें और बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकलें। बता दें कि इससे पहले भी नैनीताल जिले में 13 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह मामला इसलिए भी गंभीर है कि पुलिसकर्मी फ्रंटवॉरियर्स के तौर पर लगातार कोरोना ड्यूटी दे रहे थे। इस दौरान वे कई लोगों के संपर्क में आए होंगे और उनकी ट्रैवल हिस्ट्री निकालना मुश्किल भरा काम है।
बीते दिनों क्षेत्र में तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने वार्ड नंबर एक के बाद अब वार्ड नंबर दो गांधीनगर को भी माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था।
राज्य में कोरोना की स्थिति की गंभीरता को इस बात से समझा जा सकता है कि पिछले 12 दिन में कोरोना के डेढ़ हजार से ज्यादा मामले आ चुके हैं। मंगलवार को भी प्रदेश में कोरोना के 210 नए मामले सामने आए हैं। अभी तक प्रदेश में कोराना के 4849 मामले आ चुके हैं। इनमें से 3297 लोग ठीक हो चुके हैं और फिलवक्त 1458 मरीज विभिन्न अस्पतालों व कोविड केयर सेंटरों में भर्ती हैं। 38 मरीज राज्य से बाहर चले गए हैं।


Leave a comment