Sunday , 6 September 2026
Home सरोकार हरिद्वार के सिडकुल में बनेगा 300 बिस्तरों वाला अस्पताल, खटीमा और कोटद्वार में भी बनेंगे ईएसआई अस्पताल – भूपेन्द्र यादव
सरोकारहरिद्वार

हरिद्वार के सिडकुल में बनेगा 300 बिस्तरों वाला अस्पताल, खटीमा और कोटद्वार में भी बनेंगे ईएसआई अस्पताल – भूपेन्द्र यादव

आज केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केन्द्रीय राज्य मंत्री श्रम एवं रोजगार, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस रामेश्वर तेली और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, ने इंडस्ट्रियल एरिया सिडकुल हरिद्वार स्थित 300 बिस्तरों (50 सुपर स्पेशलिटी बिस्तर सहित) के कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल (ईएसआईसी अस्पताल) की साईट का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह ईएसआईसी अस्पताल पहले 100 बेड़ का था, जिसे अब 300 बेड़ का किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर तक इसकी टेंडर आदि की समस्त औपचारिकताए पूर्णं कर ली जाएंगी तथा इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने रूद्रपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल का जिक्र करते हुए केन्द्र सरकार से इस अस्पताल को उत्तराखंड सरकार को संचालित करने की अनुमति देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, काशीपुर अस्पताल के लिए जमीन की व्यवस्था जल्द ही कर ली जाएगी। इसके अलावा कोटद्वार, सितारगंज तथा चम्पावत में भी ईएसआईसी अस्पताल खोलने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने वन कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि बहुत सारी ऐसी योजनाएं हैं, जिनके कारण कई योजनाओं के संचालित करने की अनुमति नहीं मिल पाती है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे अधिकांश अस्पतालों में आक्सीजन प्लांट लग गये हैं।

रामेश्वर तेली, श्रम एवं रोजगार, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री भारत सरकार ने 300 बेड़ के बनने वाले ईएसआईसी अस्पताल के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी उन्होंने कहा कि हमने कोविड-19 रिलीफ फंड की शुरूआत की है, हमने अब उज्ज्वला योजना फेज 2.0 की शुरूआत की है।

इस मौके पर डाॅ. हरक सिंह रावत ने कहा कि आज हम सबके लिए खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि हम काफी समय से इस ईएसआईसी अस्पताल के लिए प्रयासरत थे, लेकिन वह धरातल पर आज उतर पाया है। मैं तमाम उद्योगों के कर्मचारियों को बधाई देता हूं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सिडकुल काफी बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है, इस अस्पताल की मांग काफी समय से हो रही थी, आज यह मांग पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इसके तैयार हो जाने से हमारे कामगार भाइयों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये भूपेन्द्र यादव ने कहा कि हमने हरिद्वार के 100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल को 300 बेड़ के अस्पताल में परिवर्तित कर दिया है तथा इसके लिए धनराशि स्वीकृत की गयी है। उन्होंने कहा कि सारी औपचारिकतायें पूरी करते हुये जल्दी ही इसका भूमिपूजन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोटद्वार व खटीमा में भी ईएसआईसी अस्पताल खोलने की कार्यवाही करेंगे। उन्होंने रूद्रपुर के ईएसआईसी अस्पताल का संचालन उत्तराखंड सरकार द्वारा किये जाने के मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं वन मंत्री के अनुरोध पर ईएसआईसी अस्पताल रूद्रपुर को उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित किये जाने की सहमति प्रदान की।

भूपेन्द्र यादव ने कहा कि हमने विगत 26 अगस्त को आम श्रमिकों के लिए ई-श्रम पोर्टल लांच किया है, जिसमें अभी तक 20 लाख से अधिक असंगठित मजदूरों ने पंजीकरण करवाया है। उन्होंने कहा हम हर वर्ग तक सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि हमने व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू की थी, जिसका काफी बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग लाभ उठा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अभी तक इस योजना का लाभ नहीं उठाया है, वह भी इसका लाभ उठायें।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डाॅ धन सिंह रावत, यतीश्वरानंद, सांसद राज्यसभा नरेश बंसल, मेयर नगर निगम हरिद्वार अनीता शर्मा, महानिदेशक ईएसआईसी अनुराधा प्रसाद, सचिव श्रम हरबंस सिंह चुग, जिलाधिकारी हरिद्वार विनय शंकर पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार डाॅ. योगेन्द्र सिंह रावत सहित अधिकारीगण एवं जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles