Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सीएम त्रिवेंद्र के 3 सालः 70 विधानसभाओं में एक साथ कार्यक्रम, काम का लेखाजोखा देगी सरकार
उत्तराखंड न्यूज़

सीएम त्रिवेंद्र के 3 सालः 70 विधानसभाओं में एक साथ कार्यक्रम, काम का लेखाजोखा देगी सरकार

उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के तीन साल के कार्यकाल के पूरा होने पर समूचे राज्य में बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम के जरिये अपने तीन साल के कामकाज का लेखाजोखा जनता के सामने रखेगी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव एवं शासन के उच्चाधिकारियों के साथ गढ़वाल एवं कुमाऊं के आयुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों से वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिये बात की और राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारी को अपने जिलों से संबंधित मंत्रियों एवं विधायकों से विचार-विमर्श कर इस कार्यक्रम को प्रभावी बनाने तथा इसमें सुदूरवर्ती ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राज्य के समग्र विकास की दिशा में विधानसभा वार किए गए कार्यो, संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता को उपलब्ध हो इसकी भी कार्ययोजना बनाई जाए। इसके लिए निर्धारित गाइड लाइन शीघ्र ही जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य जनहित में लिए गए निर्णयों एवं किए गए कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचानी है साथ ही आगामी वर्षों की जन अपेक्षाओं के अनुरूप और क्या बेहतर किया जा सकता है। इससे भी परिचित होना है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वरोजगार जनपद स्तर पर किए जा रहे नवाचार के प्रयासों को भी प्रमुखता दी जाए। मेरा सामाजिक दायित्व रिवर्स पलायन जैसी पहलों को प्रमुखता दी जाए। पर्यटन को बढ़ावा देने, ग्रोथ सेंटरों की स्थापना, होम स्टे, एडवेंचर, पिरूल से ऊर्जा उत्पादन जैसे प्रयासों से जनता को अवगत कराया जाए। यह कार्यक्रम हमारा जनता से जुड़ने का माध्यम बने, इसके प्रयास होने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से सभी विधायकों से समन्वय कर इसकी रूपरेखा तय करने को कहा है। सांसदों के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, ग्राम प्रधानों की इस आयोजन में भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने आयुक्तों एवं जिलाधिकारियों से भी इस संबंध में अपने सुझाव देने को कहा है।
इस अवसर पर अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं महानिदेशक सूचना डा. मेहरबान सिंह बिष्ट ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु दिनांक 18 मार्च, 2020 को एक दिवसीय कार्यक्रम/समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राज्य की समस्त 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक ही समय पर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की व्यवस्था संबंधित जिलाधिकारी द्वारा करवाई जाएगी। इस हेतु आवश्यक धनराशि संबंधित जिलाधिकारियों को सूचना विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र के लिए आयोजन समिति गठित की जाएगी, जिसके अध्यक्ष मंत्री, विधायक अथवा अन्य लोग होंगे। समिति के सदस्य सचिव जिलाधिकारी अथवा उनके द्वारा नामित उपजिलाधिकारी/खंड विकास अधिकारी होंगे।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार मुख्य-मुख्य योजनाओं से संबंधित सूचनाओं के लिए बनाए गए प्रारूप पर जिलाधिकारियों से सूचना प्राप्त की जाएगी। कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका कैलेंडर व सूचना निदर्शिनी तथा विधानसभा क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित मुख्य-मुख्य योजनाओं की सूची/विवरण आदि का वितरण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट ने भी अपने सुझावों से अवगत कराया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के अवसर पर मुख्यमंत्री के तकनीकी सलाहकार नरेंद्र सिंह, आईटी सलाहकार रविन्द्र दत्त, आर्थिक सलाहकार आलोक भट्ट, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश, प्रमुख सचिव आनन्द वर्द्धन सहित अन्य उच्च अधिकारी मौजूद थे।
Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...