कोरोना वायरस का खौफ पूरे देश में देखा जा रहा है। इसके संक्रमण को रोकने के लिए सरकारें कई तरह के उपाय कर रही हैं। जहां तक संभव हो रहा है घर से काम और ऑफिस, मॉल, सार्वजनिक स्थानों को बंद कराया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार ने भी स्कूलों, कॉलेजों की छुट्टी घोषित करने के साथ ही गंगा आरती में भीड़ रोकने जैसे कई फैसले लिए हैं। अब कोरोना का डर 30 अप्रैल से शुरू होने वाली बदरीनाथ यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है।
लोग बदरीनाथ के होटलों में अपनी अग्रिम बुकिंग निरस्त कर रहे हैं। आपको बता दें कि बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मई और जून के महीने में हालात ऐसे हो जाते हैं कि यहां होटल और धर्मशालाओं में रुकने के लिए जगह नहीं मिलती। ऐसी परिस्थिति का सामना न करना पड़े, इसके लिए लोग काफी पहले से अपनी बुकिंग कराकर रखते हैं।
हालांकि इस बार कोरोना ने उत्तराखंड ही नहीं पूरे देश के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि वे गैरजरूरी अपनी सभी यात्राएं टाल दें। बुजुर्ग और बच्चे घर पर ही रहें। इसका असर उत्तराखंड के पर्यटन पर भी दिख रहा है। पर्यटकों की संख्या तेजी से घटी है और अब मई-जून की बुकिंग कैंसल होने से काफी नुकसान हो सकता है।
हालांकि होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि 31 मार्च तक हालात सुधरते हैं तो लोग फिर से अपनी बुकिंग करा सकते हैं। फिलहाल सरकार का जोर इस बात पर है कि लोग खुद को भीड़भाड़ से दूर ही रखें जिससे कोरोना को फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही किसी बात को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, बस सावधानी रखी जाए।


Leave a comment