Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून कोरोना से जंग में अपने कर्मवीरों का यूं स्वागत कर रहे उत्तराखंडी
देहरादूनउत्तराखंड न्यूज़

कोरोना से जंग में अपने कर्मवीरों का यूं स्वागत कर रहे उत्तराखंडी

पूरी मानव जाति के दुश्मन बने कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए भारत के ‘योद्धा’ दिन-रात लगे हुए हैं। डॉक्टर अस्पताल में मरीजों की जान बचा रहे हैं तो सड़कों, गलियों और मोहल्लों में खाकी वर्दी में पुलिस के जवान लोगों को जागरूक करने के साथ ही बेसहारा लोगों की मदद भी कर रहे हैं। ऐसे ही कर्मवीरों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर लॉकडाउन से पहले सभी देशवासियों ने घंटी, थाली, शंख आदि बजा कर सम्मान और एकजुटता का भाव प्रदर्शित किया था।

उत्तराखंड के कई इलाकों से ऐसी तस्वीरें आई हैं, जो निश्चित ही प्रशंसनीय और अनुकरणीय हैं। दिन-रात परिवार से दूर रहकर दूसरों का जीवन बचाने में लगे पुलिसकर्मियों का हर तरफ स्वागत हो रहा है। आपको बता दें कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के साथ ही घूम-घूमकर गरीबों को खाना खिला रहे हैं और रास्ते में मिलने वाले पशु, पक्षियों और कुत्ते-बिल्लियों को भी संकट की इस घड़ी में भोजन, पानी दे रहे हैं। आइए उत्तराखंड से आई ऐसी तीन तस्वीरें देखते हैं जो यह विश्वास जगाती हैं कि कोरोना के खिलाफ यह लड़ाई भारत अपने इन कर्मवीरों के दम पर अवश्य जीतेगा।

पहली तस्वीर

देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी में तैनात उत्तराखंड पुलिस के 113 जवानों ने थाना क्षेत्र में रहने वाले 124 जरूरतमंद परिवारों को अपना परिवार मानकर लॉकडाउन तक उन्हें राशन, भोजन, दवाई आदि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली है। ‘मानवता पहले’ के संकल्प के साथ पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने काफी सराहा है और समाज के कुछ और लोग भी ऐसी मदद के लिए आगे आए हैं।

दूसरी तस्वीर

उत्तराखंड के काशीपुर में एक मस्जिद के पास से जब पुलिस के जवान गुजरे तो मुस्लिम समाज के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। खास बात यह है कि ऐसा करते हुए लोगों ने जागरूकता का परिचय दिया। उन्होंने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और सामाजिक दूरी का भी पालन किया।

तीसरी तस्वीर

पुलिसवालों को जिस तरह से स्वागत और सम्मान मिल रहा है, उस पर उत्तराखंड पुलिस ने लिखा, ‘आपकी सेवा और सुरक्षा करना हमारा कर्तव्य है और हम हमेशा अपने इस कर्तव्य के आह्वान को जारी रखेंगे। आपका यह सम्मान निश्चित ही हमारी ऊर्जा और उत्साह को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। हम आप सभी के प्यार और समर्थन से अभिभूत हैं। आपका शुक्रिया।’

https://twitter.com/uttarakhandcops/status/1248139197367508994?s=20

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles