पंजाब के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने रविवार को 131 दिन बाद अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को समाप्त कर दिया है। डल्लेवाल ने 26 नवंबर 2024 को अनशन शुरू किया था। वह कृषि मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन के तहत उपवास कर रहे थे। डल्लेवाल ने अनशन खत्म करने का ऐलान फतेहगढ़ साहिब जिले के सिरहिंद में आयोजित किसान महापंचायत में किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी ने मुझे आमरण अनशन समाप्त करने का आदेश दिया है। मैं इस आंदोलन की देखभाल करने के लिए आप सभी का ऋणी हूं, मैं आपके आदेश को स्वीकार करता हूं।
बता दें कि डल्लेवाल ने अनशन खत्म करने की घोषणा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की अपील के बाद की, जिन्होंने शनिवार को डल्लेवाल से अपना अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था।


Leave a comment