उत्तराखंड में कोरोना के मामले 1200 के पार हैं। संक्रमण बढ़ा तो दून में निरंजनपुर मंडी भी सील कर दी गई। हालांकि चिंता यह है कि शहर में फल और सब्जियों की उपलब्धता कम न हो, इसके भी इंतजाम किए जा रहे हैं। मंडी समिति ने अब मालदेवता स्थित अस्थल से फल और सब्जियों की आपूर्ति करने का फैसला किया है। अब यहां से मोबाइल वाहनों के माध्यम से फल-सब्जी भेजी जाएगी। फिलहाल 25 वाहन शहर के विभिन्न इलाकों में सब्जी पहुंचाने के काम में लगाए जाएंगे। सरकार ने भी इस पर मुहर लगा दी है।
निरंजनपुर मंडी में कई आढ़तियों और कर्मचारियों के कोरोना की चपेट में आने पर मंडी 11 जून तक के लिए बंद कर दी गई। शहर में आपूर्ति सुचारू रखने के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है। मंडी के पदाधिकारियों के मुताबिक फिलहाल मालदेवता स्थित ग्राम सभा अस्थल को ही कारोबार के लिए उपयोग किया जाएगा।
निरंजनपुर स्थित नवीन मंडी स्थल में लगातार कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमित व्यक्ति पाये जाने के कारण इसे बंद करके वैकल्पिक रूप से रायपुर के ग्राम पंचायत, अस्थल (मालदेवता) में इसके संचालन का निर्णय लिया गया है। pic.twitter.com/6TJuSSAPXo
— Subodh Uniyal (@SubodhUniyal1) June 5, 2020
मालदेवता फल-सब्जी मंगवाकर मोबाइल वैन के जरिए शहरभर में पहुंचाई जाएगी। अभी फुटकर व्यापारियों के पास दो से तीन दिन का स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही सीमित मात्रा में बाहर से भी सब्जी की आवक जारी है। ऐसे में शहर में फल-सब्जी की किल्लत जैसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। डिमांड बढ़ने पर वाहनों की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी।
शहर के लोगों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि फल-सब्जी की उपलब्धता कम होने पर ऋषिकेश और विकासनगर की मंडियों से भी आपूर्ति की जाएगी। इन दोनों मंडियों में हालात सामान्य हैं और वहां नियमित आवक हो रही है।


1 Comment