कोरोना संक्रमण को देखते हुए उत्तराखंड में धार्मिक कार्यक्रम और त्योहार भी प्रभावित हुए हैं। सावन की महाशिवरात्रि पर शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हालांकि इस बार कोरोना संकट को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन ने आज शिवालयों में जलाभिषेक पर पाबंदी लगा दी है।
स्थानीय लोग भी शिव मंदिरों में नहीं जा सकते हैं। ऐसे में बेहतर यही है कि घर पर ही पूजा-पाठ करें। लोगों को स्नान के लिए गंगा घाटों पर जाने से भी रोका गया है। आपको बता दें कि प्रशासन की ओर से पहले ही सोमवार को पड़ने वाली सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान पर रोक लगाई गई है। इसके तहत दूसरे राज्यों के साथ ही स्थानीय लोग भी स्नान नहीं कर सकते हैं।
कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत दिनांक 19 एवं 20 जुलाई को सोमवती अमावस्या स्नान को स्थगित कर दिया गया है। सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कृपया प्रशासन का सहयोग करें और इस वर्ष दिनांक 19 एवं 20 जुलाई को सोमवती अमावस्या पर स्नान करने हरिद्वार न आएं।@Uppolice @police_haryana @DelhiPolice pic.twitter.com/PujIsv9pVQ
— Ashok Kumar IPS (@AshokKumar_IPS) July 18, 2020
आज शिवरात्रि पर शिव मंदिरों पर लोगों को आने से रोकने के लिए पुलिस तैनात की गई है। मंदिरों में केवल पुजारी पूजा-पाठ की प्रक्रिया पूरी करेंगे। वैसे जलाभिषेक का मुहूर्त सोमवार सुबह तक है, लेकिन सोमवार को भी जलाभिषेक की अनुमति नहीं होगी। हरिद्वार शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।
हरकी पैड़ी क्षेत्र समेत अन्य घाटों पर पुलिस फोर्स तैनात है और धारा 144 का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। धर्माचार्यों, संतों ने लोगों से घर पर रहकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अपना योगदान करने और घर से ही प्रभु की आराधना करने को कहा है।


Leave a comment