उत्तराखंड का एक और सपूत भारत मां की रक्षा करते शहीद हो गया। लद्दाख के कारगिल सेक्टर में तैनात गौरीकला, किच्छा निवासी 24 वर्षीय करन देव उर्फ देव बहादुर शहीद हो गए हैं। जैसे ही यह खबर उत्तराखंड में उनके गांव पहुंची, पूरा इलाका शोक में डूब गया। रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार रात को गश्त के दौरान देव बहादुर का पैर जमीन पर बिछी डायनामाइट पर पड़ गया। इसी दौरान हुए जोरदार धमाके में वह शहीद हो गए।
घटना की जानकारी परिवार को देर रात ही दे दी गई। देव 2016 में भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। उनके परिवारवाले और गांव के लोग गमगीन हैं। शहीद जवान के बड़े भाई किशन बहादुर भी सेना में हैं। वह इस समय ग्वालियर में तैनात हैं।
रविवार शाम तक जवान का शव उनके पैतृक गांव लाया जा सकता है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फेसबुक पोस्ट में शहीद की शहादत को नमन किया है। उन्होंने लिखा, ‘लद्दाख में अपना फर्ज निभाते हुए गौरीकला, किच्छा निवासी 24 वर्षीय जवान करन देव उर्फ देव बहादुर, 6/1 (गोरखा रेजिमेंट) शहीद हुए हैं। मैं उनके बलिदान को शत-शत नमन करता हूं। ईश्वर शहीद के परिजनों को धैर्य प्रदान करें। सरकार हमेशा शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है।’
https://www.facebook.com/625450290808829/posts/3611764752177353/


Leave a comment