उत्तराखंड में कोरोना के मामलों की संख्या 41 हजार के करीब पहुंच चुकी है। रविवार, 20 सितंबर को शाम 7 बजे आए हेल्थ बुलेटिन में राज्य में 878 नए मरीजों के पॉजिटिव मिलने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही कुल मामले 40,963 हो गए हैं। रविवार को प्रदेश के 855 कोरोना पॉजिटिव ठीक भी हो गए। हालांकि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में इतने से संतुष्ट नहीं हुआ जा सकता, क्योंकि हर रोज नए मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है।
पिछले 7 दिनों में उत्तराखंड में कोरोना का डबलिंग रेट 23.14 दिन रहा है। जिलेवार आंकड़ों से पता चलता है कि देहरादून की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहां एक बार फिर सबसे ज्यादा 408 नए मरीज बढ़े हैं।
ताजा आंकड़े देखें तो अल्मोड़ा से 17, बागेश्वर से 2, चमोली से 14, चंपावत से 11, देहरादून से 408, हरिद्वार से 176, नैनीताल से 48, पौड़ी गढ़वाल से 55, पिथौरागढ़ से 31, रुद्रप्रयाग से 13, टिहरी गढ़वाल से 48, ऊधमसिंह नगर से11 और उत्तरकाशी से 44 नए मरीज सामने आए हैं।
उधर, प्रदेश में कोरोना के मामलों पर बारीक नजर रखने वाले sdcuk.in के संस्थापक अनूप नौटियाल ने अपना ताजा विश्लेषण लोगों के सामने रखा है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि पिछले एक हफ्ते यानी 13 से 19 सितंबर में 10686 टेस्ट दून जिले में किए गए और 3315 केस सामने आए। उन्होंने कहा कि संक्रमण दर (IR) में 10 प्रतिशत का अंतर है। प्राइवेट लैब में 36 प्रतिशत और सरकारी लैब में 26 प्रतिशत IR आया है।
पूर हफ्ते का चार्ट सामने रखते हुए उन्होंने कहा कि वैसे प्राइवेट और सरकारी लैब में लगभग बराबर टेस्ट हुए हैं। हालांकि 60 प्रतिशत केस प्राइवेट और 40 प्रतिशत सरकारी से आए हैं। उन्होंने विस्तार से इसका आकलन करने की जरूरत पर जोर दिया है।
एक अन्य ट्वीट में अनूप नौटियाल ने 27वें हफ्ते का विश्लेषण किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान सब कुछ सबसे ज्यादा रहा। 84664 टेस्ट किए गए, 12465 ऐक्टिव केस हैं, 9749 केस आए और 6942 लोग ठीक हो गए। इस तरह से उत्तराखंड में कोरोना की दस्तक को 189 दिन पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस हफ्ते में 76 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल संक्रमण की इस चेन को तोड़ना समय की जरूरत है।


Leave a comment