उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में 21वें राज्य स्थापना दिवस की धूम रहेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत नौ नवंबर को देहरादून पुलिस लाइन में मुख्य समारोह में शामिल होने के बाद गैरसैंण जाएंगे। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में पुलिस परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में विभिन्न विभागों का लोकार्पण अथवा शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा तय की गई। मुख्यमंत्री ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को राज्य मुख्यालय के साथ ही सभी जिला मुख्यालयों में भी सादगी के साथ आयोजित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री द्वारा 21वें राज्य स्थापना दिवस समारोह के संबंध में दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार 21 वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 8 नवंबर से 11 नवंबर तक देहरादून एवं अन्य जनपदों के मुख्य राजकीय भवनों को प्रकाशमान किया जाएगा। गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं कुमाऊ मंडल विकास निगम द्वारा भी अपने कार्यालय एवं पर्यटक आवास गृहों को प्रकाशित किया जाएगा। 08 नवंबर को सीएम द्वारा माउंटेन बाइक रैली का शुभारंभ करेंगे। राज्य के समस्त महाविद्यालयों में फ्री वाई-फाई कनेक्टिविटी कार्यक्रम की शुरुआत डोईवाला से होगी। इसी दिन मुख्यमंत्री द्वारा डोबरा-चांटी पुल का लोकार्पण भी किया जाएगा। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को 9 नवंबर को देहरादून के शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि दी जाएगी।
नौ नवंबर को सुबह 9:55 से 12:00 बजे तक पुलिस लाइन, देहरादून में ‘राज्य स्थापना परेड’ एवं विकास पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। राज्य स्थापना की 20वीं वर्षगांठ पर समस्त जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रभारी मंत्रियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इन्हीं कार्यक्रमों के दौरान संबंधित जिले की योजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण कार्यक्रम होगा। जिन प्रभारी मंत्रियों के पास एक से अधिक जनपदों का प्रभार है, उन जिलों में मुख्यमंत्री द्वारा नामित सांसद को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। संबंधित जिले के समस्त विधायकों को उपरोक्त कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाएगा। विभागवार शिलान्यास/लोकार्पण कार्यक्रमों की रूपरेखा अपर मुख्य सचिव, नियोजन एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्य सचिव, मुख्यमंत्री (घोषणा) से समन्वय स्थापित करते हुए सम्पन्न कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र 9 नवम्बर को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) जाएंगे। वहां आईटीबीपी एवं पुलिस बल की परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 10 नवंबर को मुख्यमंत्री स्थानीय भ्रमण के अंतर्गत वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की दूधातोली स्थित समाधि में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में विभिन्न विभागों के लोकार्पण एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किये जायेंगे।
राज्य स्थापना समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की होगी। इसके लिए सूचना महानिदेशक डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट को नामित किया गया है। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. धन सिंह रावत, सचिव वित्त अमित नेगी, सचिव मुख्यमंत्री श्रीमती राधिका झा एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री तथा महानिदेशक सूचना डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट मौजूद थे।


Leave a comment