Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ बद्रीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य को तय सीमा में पूरा करने के निर्देश, 11 नवंबर तक GMVN को मिलेंगी 3 गुफाएं
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

बद्रीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य को तय सीमा में पूरा करने के निर्देश, 11 नवंबर तक GMVN को मिलेंगी 3 गुफाएं

केदारनाथ में बनाई गई तीन आध्यात्म गुफाओं को 11 नवंबर तक गढवाल मंडल विकास निगम (GMVN)को सौंप दिया जाएगा। मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने बुधवार को इस संबंध में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। वह सचिवालय में बद्रीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि केदारनाथ एवं बद्रीनाथ पुनर्निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की निगरानी सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय से हो रही है।

इस बैठक में लोनिवि सचिव आर सुधांशु ने बताया कि केदारनाथ के लिए नए मशीनी उपकरणों को एयरलिफ्ट कर लिया गया है, जो 17 नवंबर तक असेम्बल कर लिए जाएंगे। केदारनाथ में 03 गुफाओं का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। बताया गया कि केदारनाथ हैलीपैड के पास 50 फेब्रीकेटेड दुकानों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

 

मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने केदारनाथ में तीनों गुफाओं को 11 नवम्बर, 2020 तक गढ़वाल मंडल विकास निगम को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोनप्रयाग की पार्किंग क्षमता वृद्धि कार्य को 31 दिसम्बर तथा सीतापुर में नवीन पार्किंग स्थल निर्माण की फाइनेंशियल बिडिंग का कार्य 15 नवम्बर तक पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने लोनिवि को केदारनाथ में आवश्यक स्टाफ की शीघ्र तैनाती करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में फेज-2 के कार्यों की निविदा आवंटन का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि मंदाकिनी नदी पर बनने वाले 60 मीटर पुल को दिसम्बर तक पूर्ण कर लिया जाए।

मुख्य सचिव ने बद्रीनाथ में रोड शिफ्टिंग के कार्य हेतु लोनिवि एवं बीआरओ द्वारा संयुक्त सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसका फिजिबिलिटी टेस्ट एवं हिमस्खलन सम्भावित क्षेत्र में रोड की सुरक्षा समाधान के लिए तकनीकी सलाह लेने के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने मंदाकिनी फ्लड जोन एवं अलकनंदा फ्लड जोन कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए इसे ससमय पूर्ण करने की बात कही।

मुख्य सचिव ने सचिव राजस्व को भूमिधरी अधिकार का शासनादेश शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बद्रीनाथ मास्टर प्लान हेतु आवश्यक सर्वे की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ पुनर्निर्माण हेतु आवश्यक सर्वे हेतु समय सीमा निर्धारित करते हुए सर्वे का कार्य शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करवा लिया जाए। इस अवसर पर सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, आयुक्त गढ़वाल मंडल रविनाथ रमन, सचिव राजस्व सुशील कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles