Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ चमोली चमोली आपदा में किस गांव से कितने लोग लापता, कितना नुकसान…. सरकार ने दिया हर अपडेट
चमोलीउत्तराखंड न्यूज़

चमोली आपदा में किस गांव से कितने लोग लापता, कितना नुकसान…. सरकार ने दिया हर अपडेट

7 फरवरी को सुबह 10.30 बजे धौलीगंगा और ऋषिगंगा के जलस्तर में हुई आकस्मिक वृद्धि के कारण चमोली के रैणी गांव और आसपास के इलाकों में हुए नुकसान पर उत्तराखंड सरकार के आपातकालीन परिचालन केंद्र ने आज अपडेट दिया है। सरकार ने क्रमानुसार घटना में हुई क्षति का विवरण दिया है। अब तक मिली जानकारी और रिपोर्ट के अनुसार कुल 204 लोग लापता हैं। कुल 52 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 25 शवों की शिनाख्त की गई है, 27 अज्ञात शव हैं। हालांकि सरकार के इस अपडेट देने के बाद 15 फरवरी को आज 2 शव और मिलने से कुल मृतकों का आंकड़ा 54 पर पहुंच गया।

इसके अलावा 184 पशुओं की हानि हुई है। ग्राम जुवा ग्वाड़ में 180 छोटे पशु और पैंग गांव में 4 बड़े पशु मारे गए। कंपनी और लापता लोगों के बारे में भी जानकारी दी गई है।

सरकार ने प्रभावित गांवों और वहां के परिवारों की संख्या भी साझा की है। इस टेबल में देखें तो इस आपदा में 12 गांवों के 465 परिवार प्रभावित हुए हैं। कुछ गांवों का बाजारों से संपर्क टूट गया था, जिसके लिए अस्थायी पुल भी तैयार कर दिए गए हैं।

सरकार ने यह भी बताया है कि एसडीआरएफ की एक टीम सेनानायक के नेतृत्व में 8 जवान, 7 पोटर और 2 गाइड के साथ मुरेंडा पैंग घाटी गई थी। उक्त टीम द्वारा झील से जल प्रवाह के सामान्य होने की पुष्टि की गई है। तारीख 13 फरवरी 2021 की रात्रि को उक्त टीम द्वारा तपोवन वापसी की गई है।

उक्त स्थल पर हैली लैंडिंग की संभावना के लिए स्थल चयनित किया गया है। इसमें 2 उत्तराखंड पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। टनल में फंसे लोगों की बात करें तो 25 से 35 लापता लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। इनमें से 7 व्यक्तियों का शव बरामद किया गया है। अब तक बचाव कार्य में 140 मीटर मलबा साफ किया गया है।

सरकार ने बताया है कि मलबे के कीचड़ के रूप में होने के कारण बैकफ्लो हो रहा है, जिससे काफी बाधा आ रही है। 6 लोग घायल हुए थे। NTPC के 12 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कुल 6 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 13 गांवों की बिजली प्रभावित हुई थी, जिसमें 12 गांवों में आपूर्ति सामान्य हो गई है। वहीं 13 गांवों में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई थी, जिसमें से 12 में बहाल हो गई है।

घटनास्थल पर एसडीआरएफ के 100, एनडीआरएफ के 176 जवान, आईटीबीपी के 35 जवान, एसएसबी की 1 टीम, सेना के 124 जवान, आर्मी की मेडिकल टीम 2 और 2 ऐंबुलेंस, स्वास्थ्य विभाग की 6 मेडिकल टीम काम कर रही है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...