फिरोजाबाद, अलीगढ़ और मैनपुरी जिलों के नाम बदलने से जुड़े प्रस्तावों के बाद अब यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पर देवबंद का नाम बदलने का दबाव बन गया है। जिला पंचायत में पारित प्रस्तावों के तहत इन जिलों के नाम बदले जाने को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजे गए हैं। शासन ने इसको लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि योगी सरकार कुछ जिलों के नाम में बदलाव कर सकती है।
कुछ दिन पहले ही फीरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर करने के संकल्प के बाद मैनपुरी और अलीगढ़ की जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में मैनपुरी का नाम बदलकर मायानगरी और अलीगढ़ का हरिगढ़ करने का प्रस्ताव रखा गया। सदन ने ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया। अब शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया है। इसके बाद देवबंद का नाम बदलकर देववृंद करने की मांग तेज हो गई है।
सहारनपुर जिले के भाजपा नेताओं के साथ-साथ हिंदू संगठनों ने भी इस पर आवाज मुखर की है। जिला स्तर से मुख्यमंत्री कार्यालय तक नाम परिवर्तन का मुद्दा उठाया जा रहा है। इस मामले में देवबंद के भाजपा विधायक कुंवर बृजेश सिंह कहते हैं कि देवबंद का नाम वास्तव में देववृंद ही है। लिहाजा जिले की जनता भी यही चाहती है कि देवबंद का नाम बदलकर देववृंद किया जाए। उनका दावा है कि विधायक बनने के बाद उन्होंने देववृंद नाम करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था।
वह कहते हैं कि जल्द ही इस मसले को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे। बजरंग दल भी लगातार इस मांग को उठा रहा है। कुछ दिन पहले सहारनपुर आए नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन से बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में मुलाकात की थी। इस दौरान देवबंद का नाम देववृंद करने की मांग रखी गई थी। बताया गया कि नाम परिवर्तन का यह प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है।
पिछली बार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा विधायक कुंवर बृजेश सिंह ने भी अपना पोस्टर जारी कर उस पर देवबंद की जगह देववृंद लिखवाया था। इस पर सियासत तेज हो गई थी।
आरएसएस और अन्य हिंदू संगठन करते हैं देववृंद का प्रयोग
असल में भाजपा का मातृ संगठन आरएसएस भी देवबंद को पहले ही देववृंद कहता आया है। वहीं संघ के अन्य संगठन भी देववृंद शब्द का ही प्रयोग करते हैं। देवबंद से भाजपा विधायक कुंवर बृजेश सिंह कहते हैं कि देवबंद के प्राचीन मंदिरों में भी देववृंद नाम ही लिखा हुआ है। नाम परिवर्तन को लेकर भरपूर साक्ष्य उपलब्ध हैं।
वहीं शाकंभरी शक्तिपीठ के स्वामी सहजानंद जी महाराज भी कहते हैं कि देवबंद का प्राचीन नाम देववृंद ही है, यह महाभारत कालीन शहर है, देवबंद के कई प्राचीन मंदिरों तथा भवनों में देववृंद नाम का उल्लेख मिलता है, महाभारतकालीन साहित्य में भी इस जगह का नाम देववृंद ही मिलता है, यह उल्लेखित है कि महाभारत काल में अपने वनवास को पांडवों में यहां भी गुजारा था।
हमारे सहयोगी संस्थान www.galiyara.net की रिपोर्ट
- bjp
- Change of name of Aligarh Demand to change the name of Mainpuri
- Demand to change the name of Deoband
- Demand to change the name of Firozabad
- Demand to change the names of cities in UP
- Demand to rename Deoband as Dev Vrind
- Deoband
- UP government
- Uttar Pradesh
- Yogi Adityanath government
- उत्तर प्रदेश
- देवबंद
- देवबंद का नाम देववृंद करने की मांग
- देवबंद का नाम बदलने की मांग
- फिरोजाबाद का नाम बदलने की मांग
- भाजपा
- यूपी में उठी शहरों के नाम बदलने की मांग
- यूपी सरकार
- योगी आदित्यनाथ सरकार


Leave a comment