खूबसूरत ऋषिकेश शहर के लिए नासूर बने कूड़े के पहाड़ को शहर से बाहर शिफ्ट कराने के लिए मेयर अनीता ममगाईं ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इस मामले को लेकर उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मेयर ने सीएम को बताया कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश में वर्षों से कूड़े की समस्या लोगों के लिए परेशानियों का सबब रही है। पिछले तीन दशक से शहर का कूड़ा गोविंद नगर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड मे गिराया जा रहा था, जिसकी वजह से वहां कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया है। शहर के लिए नासूर बनी समस्या के निस्तारण के लिए लंबी मशक्कत के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा तमाम अड़चनों को दूर करते हुए ट्रेचिंग ग्राउंड से से कूड़ा हटाने के लिए शासन से वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है।

उन्होंने बताया कि ट्रेचिंग ग्राउंड को शिफ्ट कराने के लिए लालपानी बीट में भूमि स्थानांतरित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति निगम प्रशासन को मिल गई थी। लेकिन लंबा वक्त गुजर जाने के बावजूद अब तक प्रस्तावित भूमि निगम के अधीन नहीं हो पाई है। इस संदर्भ में तमाम आवश्यक कार्रवाई सहित भूमि स्थानांतरित के लिए शासन द्वारा सुनिश्चित राशि 1,18,07,448 रुपये का चेक भी निगम द्वारा जमा कराया जा चुका है।

महापौर ने मुख्यमंत्री से कूड़ाघर की शिफ्टिंग के लिए स्वीकृत दस हेक्टेयर भूमि की सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद विधिवत स्वीकृति कराने के लिए भारत सरकार से पत्राचार करने का आग्रह किया है। सीएम से हुई मुलाकात के दौरान महापौर ने उन्हें अवगत कराया कि ऋषिकेश में आसराहीनों के लिए कोई रैन बसेरा नहीं है। इसके अलावा एम्स में हजारों रोगियों और उनके तीमारदारों का भी रोजाना आनाजाना रहता है, जिसको देखते हुए आईडीपीएल में दस बीघा भूमि निगम को आवंटित की जाए। महापौर की तमाम बातें गौर से सुनने के प्रश्चात मुख्यमंत्री धामी ने सकरात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान पार्षद अनीता रैना भी मौजूद रहीं।


Leave a comment