उत्तराखंड में चल रही जन आशीर्वाद रैलियों के क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में संत रविदास मंदिर भगवानपुर से मक्खनपुर तक जन आशीर्वाद रैली में प्रतिभाग हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार दिया जाएगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भगवानपुर क्षेत्र में ग्राम डांडा पट्टी से झींवरहेड़ी तक सड़क को इंटर लॉकिंग टाइल्स के द्वारा निर्माण कार्य कराया जाएगा। ग्राम खेलड़ी से ग्राम सिकरोड़ा रोड तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। ग्राम सुग्गनपुर हाइवे से ग्राम सुग्गनपुर के अन्दर तक सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण किये जायेंगे तथा उनको सर्विस रोड से जोड़ा जायेगा, लोगों को उनकी भूमि का मुआवजा भी दिलाया जायेगा। वर्तमान में नगर पंचायत भगवानपुर के जो प्रस्ताव शासन में लम्बित हैं, उनको स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार जन समस्याओं के सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के साथ सबकी संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। हमारी सरकार ने महिलाओं की समस्या को देखते हुए मुफ्त रसोई गैस उपलब्ध कराई, शौचालयों का निर्माण किया गया, जोकि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार हुआ है।
सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत आम जनता को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराये गये हैं, जिसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लोगों को आवास उपलब्ध कराकर जरूरतमंदों के आवास का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत वर्ष 2022 तक हर घर को नल से जल उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने दो दिन पहले ही उद्योगपतियों के साथ विचार-विमर्श किया एवं उनकी समस्याओं को सुना, जिससे उद्योगों का विकास हो और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि हमारी उद्योग घरानों से अपेक्षा है कि वे उद्योगों में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध करायें।
युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार देने का प्रयास जारी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। सभी प्रक्रियायें जल्द ही पूर्ण की जायेंगी। 31 मार्च, 2022 तक जो भी भर्ती की परीक्षायें होंगी, उनमें कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार लाखों लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रही है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।
आदर्श एवं विकसित राज्य बनाना हमारा उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रैली में आप लोगों ने जिस उत्साह एवं उमंग से हमें अपना आशीर्वाद दिया है, उससे मैं अभिभूत हूं। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में उत्तराखंड प्रत्येक क्षेत्र-उद्योग, वानिकी, कृषि, शिक्षा, बागवानी, स्वास्थ्य आदि में नम्बर-एक रहेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक झबरेड़ा देशराज कर्णवाल, विधायक रूड़की प्रदीप बत्रा, विधायक रानीपुर आदेश चैहान, लक्सर विधायक संजय गुप्ता आदि उपस्थित थे।




Leave a comment