Sunday , 6 September 2026
Home देश-विदेश पद्म सम्मान: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डा. अनिल जोशी को पद्मभूषण, डा. योगी एरन और कल्याण सिंह रावत को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया
देश-विदेश

पद्म सम्मान: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डा. अनिल जोशी को पद्मभूषण, डा. योगी एरन और कल्याण सिंह रावत को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में वर्ष 2020 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान किए। अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाले उत्तराखंड की तीन शख्सियतों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। 141 लोगों को वर्ष 2020 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए।

उत्तराखंड के हेस्को के संस्थापक पर्यावरणविद डा. अनिल जोशी को पद्मभूषण सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा डा. योगी एरन और कल्याण सिंह रावत को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। कोरोना संक्रमण के चलते साल 2020 में पद्म पुरस्कार वितरित नहीं किए जा सके थे।

हेस्को के संस्थापक डा. अनिल प्रकाश जोशी को पर्यावरण पारिस्थितिकी और ग्राम्य विकास से जुड़े मुद्दों और नदियों को बचाने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। पर्यावरणविद तथा मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया।

वयोवृद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. योगी एरन जले कटे हजारों मरीजों की निशुल्क प्लास्टिक सर्जरी कर चुके हैं। 83 वर्षीय डॉ. एरन का जज्बा इस उम्र में भी कायम है। उत्तराखंड के डॉ. योगी एरन को चिकित्सा एवं विज्ञान-इंजीनियरिंग के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मान दिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अनिल प्रकाश जोशी को पद्म भूषण तथा कल्याण सिंह रावत तथा डॉ. योगी एरन को पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए जाने से राज्य को भी सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में इन लोगों के द्वारा किये गये प्रयासों को तो सराहना मिली ही है, बल्कि राज्य की पहल को भी बल मिला है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles