Friday , 4 September 2026
Home देश-विदेश लखनऊ में पर्वतीय महापरिषद के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी, कॉलेज के दिनों को किया याद
देश-विदेश

लखनऊ में पर्वतीय महापरिषद के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी, कॉलेज के दिनों को किया याद

पर्वतीय महापरिषद लखनऊ द्वारा उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोक संगीत, लोक नृत्य, धार्मिक पौराणिक सामाजिक रीति रिवाजों को जीवन्तता प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही यह संस्था विभिन्न सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी है। लखनऊ दौरे पर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिषद द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में यह बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड भले ही पृथक राज्य बना हो किंतु हमारे संबंध उत्तर प्रदेश से बहुत गहरे जुड़े हैं। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड के विकास में भी सहयोगी बनने की अपेक्षा की, साथ ही सभी से अपनी जन्म भूमि से जुड़ाव रखने की भी अपील की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लखनऊ की भूमि से उनका बचपन से जुड़ाव रहा है, यहां से उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास के लिये हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वर्ष 2025 में जब राज्य को 25 साल पूरे होंगे तब हमारा राज्य युवा राज्य होने के साथ ही देश का श्रेष्ठ, उत्कृष्ट एवं आदर्श राज्य बने, इस दिशा में हम वचनबद्ध एंव दृढ़ संकल्पित है। पिछले पांच वर्षो मे केन्द्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड की विभिन्न परियोजनायें प्रदेश के लिए स्वीकृत की गई हैं जिनमे बहुत सी परियोजनाओं पर काम हो गया है और अन्य पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड मे सड़क मार्गो का विकास किया जा रहा है वहीं पहाड़ मे रेल का सपना भी साकार होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के प्रति विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में 50 लाख लोगों के उत्तराखंड अटल आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। अब तक 3.50 लाख लोगों ने इसका लाभ उठाने के साथ ही 460 करोड़ की धनराशि का भुगतान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है। हाल ही में उन्होंने केदारनाथ में 400 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण किया है। केदारपुरी में अवस्थापना सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। शंकराचार्य की समाधि स्थल तथा भव्य मूर्ति का भी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अनावरण किया गया है। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम का भी मास्टर प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने लखनऊ प्रवास के दौरान लखनऊ में हनुमान सेतु स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रगति तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने राजभवन लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति तथा रुद्राक्ष का पौधा उपहार स्वरूप भेंट किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शॉल और दो पुस्तकें ‘लोकहित के मुखर स्वर’ तथा ‘वो मुझे हमेशा याद रहेंगे’ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द भी उपस्थित थे।

वहीं सीएम धामी ने लखनऊ यूनिवर्सिटी में आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के कक्ष संख्या 119 का दौरा किया। यहां वह छात्र जीवन के कुछ अनमोल पलों को याद करते हुए  भावुक भी हो गए।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles