आज ये दल मा भोल वे दल मा,
दल बदली नेतोन हर पल मा…
उत्तराखंड के कवि एवं लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी का ये कालजयी गीत सियासत पर सबसे सटीक कटाक्ष है। इन दिनों उत्तराखंड में कुछ हो भी ऐसा ही रहा है। विचारधारा और निष्ठा जैसी कोई चीज नहीं रह गई है। बस टिकट मिल जाए, यह परम ध्येय बन गया है। कई दिन से चर्चा थी कि किशोर उपाध्याय भाजपा का दामन थामने वाले हैं, आखिरकार वह भाजपाई हो गए। लेकिन न्यूटन के गति का तीसरा नियम है, प्रत्येक क्रिया के समान एवं विपरीत प्रतिक्रिया होती है, तो हुआ भी यही। किशोर भाजपा में आए तो टिहरी से मौजूदा विधायक धन सिंह नेगी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।
देहरादून में भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट की मौजदूगी में किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें टिहरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया जाएगा।टिहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने किशोर उपाध्याय को प्रत्याशी घोषित कर दिया। अब भाजपा को सिर्फ डोईवाला सीट पर प्रत्याशी के नाम का ऐलान करना है।
आज प्रदेश कार्यालय देहरादून में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री @KupadhyayINC जी ने भाजपा सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर चुनाव प्रभारी श्री @JoshiPralhad जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री @madankaushikbjp जी, केन्द्रीय मंत्री @AjaybhattBJP4UK जी की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। pic.twitter.com/eJiyK4Etpp
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) January 27, 2022
टिहरी विधानसभा में सिर्फ दल बदले हैं, चेहरे वही हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पहले अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सभी पदों से हटा दिया गया था। इसके बाद उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया। इसके बाद मौजूदा भाजपा विधायक धन सिंह नेगी अपने समर्थकों के साथ टिहरी से देहरादून पहुंचे। यहां कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के प्रमुख हरीश रावत ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। उन्हें टिहरी से मैदान में उतारा जा सकता है।


Leave a comment